फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dr. Javed murder case: दूसरे डॉक्टर को मारने आए थे हत्यारे, गलती से डॉ. जावेद को मारी गोली; पुलिस का खुलासा

Sat, 22 Jul 2023 02:40 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीतामढ़ी

सार

पुलिस ने बताया कि शूटर की भूमिका निभाने वाले धीरज सिंह और मुनचुन पासवान शिवहर के पिपराही थाना क्षेत्र में हुई बैंक डकैती कांड में जेल में बंद हैं। वहीं, हत्या की सुपारी लेने वाले आदित्य कुमार और राहुल सिंह को सीतामढ़ी पुलिस ने गिरफ्तार कर कांड का खुलासा कर लिया है। वहीं, हत्या की साजिश रचने वाले मास्टरमाइंड नीतेश पांडेय की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
विज्ञापन
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के सीतामढ़ी शहर में शिवहर जिले के यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. जेड जावेद पर हुई गोलीबारी मामले का तीन महीने 11 दिन के बाद पुलिस ने खुलासा किया है। बताया जा रहा है कि बदमाशों के निशाने पर डॉ. जेड जावेद नहीं थे, बल्कि बदमाश डॉ. त्रिलोकी शर्मा की गोली मारकर हत्या करने आए थे। मगर, भ्रम में बदमाशों की गोली के शिकार डॉ. जेड जावेद हो गए। एसपी द्वारा गठित विशेष टीम ने डॉ. त्रिलोकी शर्मा की हत्या की सुपारी लेने वाले दो शातिरों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। उसमें यह खुलासा किया गया है।

विज्ञापन


साढ़े तीन लाख में दी गई थी सुपारी
गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ में पता चला कि शिवहर डीएम आवास के पास रहने वाले नीतेश पांडेय ने डॉ. त्रिलोकी शर्मा की हत्या के लिए साढ़े तीन लाख रुपये में सुपारी दी थी। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान शिवहर के फतहपुर निवासी आदित्य कुमार और विशनपुर मानसिंह निवासी राहुल कुमार के रूप में की गई है। एसपी मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि 10 अप्रैल को डॉ. जेड जावेद को ड्यूटी जाने के दौरान गोली मारकर जख्मी कर दिया गया था। इस मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई थी। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया था।

डॉ. त्रिलोकी ने परिवार से छिपाकर की थी जमीन की खरीद-फरोख्त
पुलिस ने बताया कि नीतेश पांडेय छोटा-मोटा सिविल कॉन्ट्रैक्टर है। उसने शिवहर सदर अस्पताल में मरम्मत का कार्य किया था। इसी दौरान नीतेश पांडेय की डॉ. त्रिलोकी शर्मा से घनिष्ठता बढ़ गई। डॉ. त्रिलोकी ने परिवार से छिपाकर नीतेश पांडेय के साथ शिवहर में तीन-चार बहुमूल्य जमीन की खरीद-बिक्री की थी। घटना से कुछ दिन पहले डॉ. त्रिलोकी ने अपने खाते से नीतेश पांडेय के खाते में करीब एक करोड़ रुपये जमीन खरीदने के लिए ट्रांसफर किया था। इन पैसों और जमीन हड़पने की नीयत से नीतेश ने डॉ. त्रिलोकी की हत्या की साजिश रची थी।
विज्ञापन


भ्रम में डॉ. जेड जावेद को मारी गोली
पुलिस ने बताया कि हत्या करने के लिए नीतेश पांडेय के स्टॉफ आदित्य कुमार ने एडवांस दो लाख रुपये राहुल कुमार, धीरज सिंह और मुनचुन पासवान को दिए। इसके बाद सभी बदमाशों ने परिहारा गाछी में हत्या की योजना बनाई और घटना के दिन बाइक से धीरज सिंह और मुनचुन पासवान योजना के अनुसार हत्या करने पहुंचे। डॉ. त्रिलोकी शर्मा की पहचान के लिए नीतेश पांडेय के मोबाइल से धीरज सिंह को फोटो भेजा गया था। हत्या करने पहुंचे धीरज सिंह बाइक चला रहा था और मुनचुन पासवान को गोली चलाने की जिम्मेवारी मिली थी। लेकिन, भ्रम में मुनचुन पासवान ने कार की पीछे की सीट पर शीशा बंद कर बैठे डॉ. जेड जावेद को गोली मार दी और भाग निकला।

साजिशकर्ता की गिरफ्तारी के लिए हो रही छापेमारी
पुलिस ने आगे बताया कि शूटर की भूमिका निभाने वाले धीरज सिंह और मुनचुन पासवान शिवहर के पिपराही थाना क्षेत्र में हुई बैंक डकैती कांड में जेल में बंद हैं। वहीं, हत्या की सुपारी लेने वाले आदित्य कुमार और राहुल सिंह को सीतामढ़ी पुलिस ने गिरफ्तार कर कांड का खुलासा कर लिया है। वहीं, हत्या की साजिश रचने वाले मास्टरमाइंड नीतेश पांडेय की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एसपी ने बताया कि पूछताछ में बदमाशों ने पुलिस को बताया कि डॉ. जेड जावेद और डॉ. त्रिलोकी शर्मा सीतामढ़ी से शिवहर आना-जाना नीतेश पांडेय की ही कार से करते थे।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें