चारा घोटाला में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को सजा सुनाए जाने से पहले सीबीआई के स्पेशल जज शिवपाल सिंह को फोन कर लालू की पैरवी की गई थी। स्थानीय मीडिया में प्रकाशित खबरों के मुताबिक उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के डीएम और एसडीएम ने फोन किया था। दोनों ने फोन कर लालू यादव की पैरवी की थी। रांची स्थित स्पेशल सीबीआई कोर्ट में चारा घोटाला के देवघर ट्रेजरी से हुई फर्जी निकासी केस में लालू को जज शिवपाल सिंह ने साढ़े तीन साल की सजा सुनाई और जुर्माना भी लगाया।
चारा घोटाला केस में वीडियो कॉन्प्रेंसिंग से सजा सुनाने से पहले जज शिवपाल सिंह ने
लालू प्रसाद यादव से कहा था कि आपके कई शुभचिंतक फोन कर पैरवी कर रहे हैं, लेकिन मैं कानून के मुताबिक ही काम करूंगा।
गौरतलब है कि सीबीआई जज शिवपाल सिंह उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के शेखपुर खुर्द गांव के रहनेवाले हैं। कुछ समय पहले गांव में कुछ लोगों ने उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर खेती करने लगे। इसका विरोध करने पर शिवपाल सिंह के भाई सुरेंद्र पाल सिंह के खिलाफ केस दर्ज करा दिया गया। यही नहीं जज साहब की जमीन के बीचो-बीच चक रोड निकाल दिया गया। जज शिवपाल सिंह खुद डीएम से मिलकर न्याय की गुहार लगाई लेकिन नतीजा सिफर रहा।
वहां के तत्कालीन एसडीएम ने जमीन को मुक्त कराने के निर्देश दिए। जिसके बाद बीडीओ और ग्राम प्रधान की मौजूदगी में जमीन पर पत्थर लगवाए गए लेकिन विरोधियों ने इसे भी उखाड़ फेंका। इसके बाद जब शिवपाल सिंह ने डीएम और एसपी से शिकायत की तो डीएम ने कहा कि, 'आप झारखंड में जज हैं न, आप कानून पढ़कर आएं।'