क्वारंटीन केंद्र में डांस करते रिंकू सिंह
- फोटो : Youtube
बिहार के एक क्वारंटीन (एकांतवास) केंद्र में कुछ दिनों पहले एक युवक 40 रोटियां खाने की वजह से चर्चा में या था। अब एक व्यक्ति अपने डांस के कारण सुर्खियां बटोर रहा है। यह शख्स केंद्र में रसोइये का काम करता है और उसका नाम रिंकू सिंह है। सोशल मीडिया पर उसके डांस का वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
कहते हैं न प्रतिभा कभी हालात या परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती है। हालात चाहें कितने भी खराब क्यों न हों वह अपनी पहचान बना ही लेती है। यही बात रिंकू पर भी लागू होती है। वे कटिहार के स्वर्गीय लक्ष्मण मंडल माध्यमिक उच्च विद्यालय सूजापुर में रसोइये का काम करते हैं।
वायरल हो रहे वीडियो में रिंकू सुनील दत्त, महमूद और किशोर कुमार अभिनीत बॉलीवुड की फिल्म ‘पड़ोसन’ के गाने एक चतुर नार पर डांस करते हुए नजर आ रहे हैं। खाना परोसने के साथ प्रवासी मजदूरों के मनोरंजन का यह तरीका लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
साथियों की फरमाइश पर डांस करते हैं रिंकू
क्वारंटीन केंद्र में खाना पकाने का काम करने वाले रिंकू अपने गांव में एक छोटा सा होटल चलाते हैं। उन्हें बचपन से ही डांस का शौक है। वे बताते हैं कि क्वारंटीन केंद्र में प्रवासी मजदूर परेशान रहते थे और खाना बनाने के बाद मेरा काम खत्म हो जाता है। ऐसे में लोगों की फरमाइश पर वे डांस करते हैं तो मजदूरों के चेहरे पर हंसी आने लगती है।
रिंकू का कहना है कि यदि उन्हें मौका मिलेगा तो वे इस दिशा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना जारी रखेंगे। वहीं बरारी विद्यालय जो इस समय एक क्वारंटीन केंद्र है, उसके शिक्षक भी रिंकू की प्रतिभा की तारीफ करते हुए दिखाई दिए। उन्होंने रिंकू को प्रोत्साहित करने की मांग की है।