बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को पार्टी कार्यालय पर बिहार के पार्टी सांसदों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा हुई।
बता दें कि कोरोना महामारी के बीच बिहार में होने वाले चुनाव को लेकर वर्चुअल बैठकों का दौर जारी है। कोरोना के बावजूद पार्टी लगातार चुनाव की तैयारियां कर रही है। बीते तीन पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्ड ने डिजिटल माध्यम से बिहार भाजपा कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक को संबोधित किया था।
खबरों के मुताबिक, सितंबर में बिहार विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने की संभावना है। कोरोना काल में बिहार विधानसभा के चुनाव भारत के पहले चुनाव होंगे। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 29 नवंबर को समाप्त हो रहा है।
इसके लिए भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने विधानसभा चुनाव पर चर्चा के लिए बिहार के सभी सांसदों की आज यानी 29 अगस्त को बैठक बुलाई थी। सांसदों के अलावा भाजपा महासचिव व बिहार के प्रभारी भूपेंद्र यादव भी बैठक में शामिल हुए। बता दें कि भाजपा ने हाल ही में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बिहार चुनाव की तैयारियों में शामिल किया है।
गौरतलब है कि हाल ही में नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी घटक दल मिलकर चुनाव मैदान में उतरेंगे और जीत हासिल करेंगे।
उन्होंने कहा था, 'जब-जब भाजपा, नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड और लोजपा (लोक जनशक्ति पार्टी) एक साथ आई है, तब-तब राजग की जीत हुई है। इस बार भी हम सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे और यशस्वी होंगे।'