फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: सात मार्च से लापता मुस्कान को ढूंढती रही मां, नौ दिन बाद खेत में मिली छात्रा की लाश

Mon, 16 Mar 2026 03:39 PM IST
तिरहुत ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिवहर

सार

Bihar News: तरियानी थाना क्षेत्र के मंगुराहां गांव से 7 मार्च को लापता हुई 14 वर्षीय मुस्कान कुमारी का शव नौ दिन बाद गांव के पास गेहूं के खेत से बरामद हुआ। शव के सड़े-गले होने और जानवरों द्वारा नोचे जाने के कारण उसकी हालत बेहद खराब थी।  
विज्ञापन
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के मंगुराहां गांव में 7 मार्च से लापता एक नाबालिग लड़की का शव सोमवार को गेहूं के खेत से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुशील कुमार, थाना अध्यक्ष विनय कुमार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शिवहर सदर अस्पताल भेज दिया है।

विज्ञापन


7 मार्च से गायब थी नाबालिग
मृतका की पहचान मंगुराहां गांव निवासी स्वर्गीय नानटुन पासवान की 14 वर्षीय पुत्री मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है। बताया गया कि मुस्कान 7 मार्च को अपनी सहेलियों के साथ गांव के बगीचे में खेलने गई थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो 10 मार्च को उसकी मां चंद्रमा देवी ने तरियानी थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बहला-फुसलाकर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

खेत में मिला सड़ा-गला शव
सोमवार दोपहर गांव के शशि भूषण कुमार अपने घर से करीब आधा किलोमीटर पश्चिम स्थित गेहूं के खेत में सरसों उखाड़ने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में पड़े एक सड़े-गले शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को जानकारी दी गई। ग्रामीणों के मुताबिक शव काफी सड़-गल चुका था और जानवरों द्वारा नोचने के कारण उसके कुछ हिस्से अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
विज्ञापन


दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया गया। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पिता की पहले हो चुकी है मौत
मुस्कान गांव के ही एक स्कूल में सातवीं कक्षा की छात्रा थी। उसके पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। परिवार में उसकी मां और तीन छोटे भाई हैं। बेटी का शव मिलने के बाद मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

ये भी पढ़ें: बिहार में राज्यसभा की पांचों सीटों पर मतदान जारी, महागठबंधन के चार MLA नहीं पहुंचे
विज्ञापन


क्या कहती है पुलिस?
पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और मामले की गहराई से छानबीन जारी है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें