किशनगंज जिले में सीएसपी संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सुखानी थाना क्षेत्र के मीरभिट्टा निवासी तौहीद आलम के रूप में हुई है। परिजनों ने आशंका जताई है कि बैंक से लौटने के दौरान बदमाशों ने उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया और उनके साथ लूटपाट की।
परिजनों के अनुसार, तौहीद आलम बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे बैंक जाने के लिए घर से निकले थे। वापसी के दौरान वह सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिले। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल पौआखाली अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए किशनगंज रेफर कर दिया। किशनगंज के एक निजी नर्सिंग होम में पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पढे़ं: दो गोलियों की आवाज और खत्म हो गई दो जिंदगियां! सिपाही ने बहन को मारी गोली, फिर खुद की जान ली
परिजनों को आशंका है कि बदमाशों ने नशीला पदार्थ देकर उनके साथ लूटपाट की। हालांकि, उनके पास से कितनी राशि गायब हुई है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। तौहीद आलम लोहागाड़ा में सीएसपी का संचालन करते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के दौरान तीन लोग बाइक से वहां पहुंचे थे। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी तरह के चोट या जख्म के निशान नहीं मिले हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।