घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और स्थानीय
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेगूसराय में एक शिक्षक की संदेहास्पद अवस्था में मौत हो गई। उसका शव एक कमरे से बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि कमरा रात से ही बंद था। बाद में शक होने पर लोगों की मौजूदगी में कमरा को खोला गया तो शिक्षक मृत अवस्था में मिला। कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं। वहीं, परिजन अभी इसे आत्महत्या मानने को तैयार नहीं हैं। घटना बछवाड़ा थाना क्षेत्र की है। मृतक शिक्षक बछवाड़ा थाना क्षेत्र के उर्दू मध्य विद्यालय सरायनूर नगर में पढ़ाता था। शिक्षक की पहचान मंसूरचक थाना क्षेत्र के ग्राम तेमुआ निवासी मो. जियाउर अहमद के बेटे मो. इम्तियाज अहमद के रूप में हुई है।
मृतक शिक्षक इम्तियाज अहमद का फाइल फोटो
मृतक के भाई मो. फैयाज अहमद ने बताया कि उनका भाई उर्दू मध्य विद्यालय सरायनूर नगर में कार्यरत था। जो इसी गावं में एक कमरा किराए पर लेकर रहता था। फैयाज ने बताया कि उनका भाई दो-तीन दिन से घर छोड़े हुए था। आज जब वह स्कूल पहुंचे तो उनको फोन पर ये जानकारी मिली कि उनके भाई की मौत हो गई है। फैयाज ने बताया कि वह अभी इस घटना को सुसाइड मानकर नहीं चल रहे हैं।
फिलहाल घटना की सूचना मंसूरचक थाना को दी गई है। वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद सैकड़ों की संख्या में लोग घटनास्थल पर मामले की हकीकत जानने के लिए पहुंच गए। वहीं, घटना के तीन घंटे बाद मौका ए वारदात पर पहुंचने पर लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, पुलिस लोगों को समझाने-बुझाने में लगी है।