इसी ट्रक से बुजुर्ग महिला का शव बरामद किया गया है
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक में शुक्रवार दोपहर एक बुजुर्ग महिला का शव मिला। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। शव काफी पुराना लग रहा है और उससे बदबू आ रही थी। घटना की सूचना के बाद नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है।
शराब मामले में जब्त किया गया था ट्रक
जानकारी के मुताबिक, उक्त ट्रक को करीब छह महीने पहले मुफस्सिल थाना पुलिस ने शराब लोड होने के बाद जब्त किया था। ट्रक को जब्त किए जाने के बाद थाना परिसर की बाउंड्री वॉल और ओवर ब्रिज के बीच सड़क किनारे लगाया गया था। ट्रक करीब छह महीने से सड़क किनारे खड़ा है।
खरीदार देखने पहुंचे ट्रक तो शव देख मचाया शोर
शराब मामले में जब्त ट्रक की नीलामी होने वाली थी। इसके लिए खरीदार ट्रक देखने के लिए थाना पहुंचे थे। बताया गया है कि खरीदार ट्रक का भौतिक सत्यापन कर रहे थे। तभी अचानक ट्रक से आ रही बदबू के कारण उन लोगों ऊपर चढ़कर देखा तो एक महिला का शव पड़ा हुआ था। शव से बदबू आ रही थी। इससे माना जा रहा है कि शव कम से कम एक सप्ताह पुराना है। महिला कहां की रहने वाली है इसकी अभी पहचान नहीं हो पाई है।
72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा शव
नगर थाना अध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि शव ट्रक में कहां से आया, इसके बारे में अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। बहरहाल, शव को जब्त कर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शव नियमानुसार 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा। उसके बाद अगर कोई दावेदार नहीं आते हैं तो पुलिस द्वारा उसका अंतिम संस्कार कराया जाएगा।