दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के पोखराम गांव में एक तालाब से विवाहित महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के दोनों हाथ और पैर बंधे हुए थे, जिससे हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतका की पहचान
तालाब से बरामद शव की पहचान 22 वर्षीय राधा देवी के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पिता ने लगाए दहेज हत्या के आरोप
मृतका के पिता कुशेश्वर सदा ने बताया कि राधा देवी की शादी दो साल पहले पोखराम गांव निवासी अमरजीत दास से हुई थी। अमरजीत मजदूरी के लिए परदेस में रहता था, जबकि राधा गांव में ही रहती थी। उन्होंने बताया कि शादी के समय 51 हजार रुपये दहेज में दिए गए थे, लेकिन इसके बाद एक लाख रुपये और गाड़ी की मांग की जा रही थी।
21 जनवरी से थी लापता, पहले दर्ज कराई गई थी गुमशुदगी
कुशेश्वर सदा ने बताया कि उनकी बेटी 21 जनवरी से लापता थी। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर बिरौल थाना में गुमशुदगी का सन्हा दर्ज कराया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी के शव को पानी ओखली के सहारे बांधकर तालाब में डुबो दिया गया। घटना के बाद से पति अमरजीत दास सहित सभी ससुराल वाले फरार बताए जा रहे हैं।
पढ़ें- Bihar News: बूढ़ी गंडक किनारे बोरे में मिली महिला की लाश, इलाके में दहशत, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
परिजनों ने जताई पति की संलिप्तता की आशंका
मृतका के चाचा भिखारी सदा ने बताया कि शादी के बाद अमरजीत दास कमाने के लिए परदेस चला गया था। आशंका है कि उसी ने हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया। उन्होंने बताया कि शव मिलने के समय राधा देवी के दोनों हाथ और पैर बंधे हुए थे। शादी के बाद राधा को कोई संतान नहीं थी।
बिरौल थानाध्यक्ष ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर तालाब से शव बरामद किया गया है। शव के दोनों हाथ और पैर बंधे हुए मिले हैं। फिलहाल किसी पक्ष से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।