दरभंगा के जमालपुर थाना क्षेत्र के पकड़िया गांव में 7 वर्षीय आशीष कुमार पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। बच्चे को गंभीर चोटें आईं और उसे बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया।
दरभंगा जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के पकड़िया गांव में 7 वर्षीय आशीष कुमार पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। बच्चे के मुंह और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने उसे प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया।
विज्ञापन
घायल के पिता देव नारायण यादव ने बताया कि उनका बेटा सुबह फूल तोड़ने गया था, तभी आवारा कुत्तों के झुंड में से एक कुत्ता उस पर टूट पड़ा। चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन ने बच्चे को कुत्ते से छुड़ाया और पहले किरतपुर पीएचसी ले गए, जहां से उसे डीएमसीएच रेफर किया गया। आशीष चौथी कक्षा में पढ़ता है और परिवार में सबसे छोटा है।
बताया गया कि पिछले महीने बहादरपुर थाना क्षेत्र के खराजपुर गांव में भी इसी तरह के कुत्तों के हमले में विनोद पासवान की बेटी आरुही कुमारी की मौत हो गई थी। डीएमसीएच के पीएसएम विभाग में रोजाना करीब 35-40 ऐसे मरीज आते हैं, जिनको कुत्ता, बंदर या अन्य जानवरों ने काटा होता है। लेकिन कई महीनों से सीरम की कमी के कारण मरीजों को इलाज में परेशानी हो रही है और उन्हें खुले बाजार से महंगी कीमत पर सीरम खरीदनी पड़ रही है। विभागाध्यक्ष ने कहा कि इस समस्या को लेकर कई पत्र अधीक्षक और सरकार को भेजे जा चुके हैं।