फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: दरभंगा में अगलगी से तबाही, तीन दुकानें जलकर राख, पांच लोग झुलसे; भाई की शादी की तैयारी पर फिरा पानी

Mon, 16 Nov 2026 07:19 PM IST
दरभंगा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दरभंगा

सार

दरभंगा के हरिचंदा गांव में भीषण अगलगी से पांच लोग झुलस गए, जबकि एक का पैर टूट गया। शादी की तैयारियों का सामान और गहने जल गए। कुशेश्वरस्थान बाजार में तीन दुकानें भी जलकर राख हो गईं। कुल नुकसान करीब 20 लाख रुपये है।

 

विज्ञापन
धू-धू कर जलती दुकान - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दरभंगा जिले में अगलगी की दो बड़ी घटनाओं में भारी नुकसान हुआ है। पहली घटना बिशनपुर थाना क्षेत्र के हरिचंदा गांव की है, जहां भीषण आग लगने से पांच लोग झुलस गए, जबकि आग से बचने के दौरान एक व्यक्ति का पैर टूट गया। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दूसरी घटना कुशेश्वरस्थान बाजार की है, जहां आग लगने से तीन दुकानें जलकर राख हो गईं। दोनों घटनाओं में करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है।

बताया जाता है कि सोमवार को बिशनपुर थाना क्षेत्र के हरिचंदा गांव में जगदीश शाह की मोबाइल मिल, ई-रिक्शा एजेंसी और हीरो पार्ट्स की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि दुकानों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में पांच लोग झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

घायलों की पहचान जगदीश शाह, सर्वोपरि देवी, नंदन शाह, रमेश शाह और चांदनी देवी के रूप में हुई है। वहीं, रमेश शाह आग से बचने के लिए छत से नीचे कूद गए, जिससे उनका पैर टूट गया।

विज्ञापन


पढ़ें: जमीन विवाद पर बवाल, 250 लोगों की भीड़ ने तोड़ी बाउंड्री; तनाव के बाद पुलिस छावनी बना तक्कीपुर गांव

आग की इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। बताया जा रहा है कि आगामी 30 नवंबर को जगदीश शाह के बेटे हीरालाल शाह की शादी होनी थी। शादी की तैयारियों के तहत घर में खरीदारी कर सामान रखा गया था, जो आग की भेंट चढ़ गया। दुल्हन को देने के लिए खरीदे गए गहने और अन्य सामान भी जलकर बर्बाद हो गए।

पीड़ित लालबाबू साह ने बताया कि पूरा परिवार छठ करने घाट पर गया हुआ था। इसी दौरान घर में आग लगने की जानकारी मिली। जब तक परिवार के लोग घाट से लौटकर आग बुझाने की कोशिश करते, तब तक सारा सामान जल चुका था। आग बुझाने के दौरान परिवार के पांच लोग झुलस गए, जबकि एक व्यक्ति का पैर टूट गया। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

उन्होंने बताया कि उनके भाई की शादी 30 नवंबर को होने वाली थी। शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और खरीदारी भी हो चुकी थी। दुल्हन को देने के लिए खरीदे गए गहने और अन्य सामान भी आग में जलकर नष्ट हो गए।

वहीं, अगलगी की दूसरी घटना कुशेश्वरस्थान बाजार में हुई। यहां दो फर्नीचर दुकानों और एक मोबाइल दुकान में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा करीब 10 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दोनों घटनाओं में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें