Samastipur News: राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर समस्तीपुर सदर एसडीओ दिलीप कुमार को उत्कृष्ट निर्वाचन प्रबंधन के लिए राज्य स्तरीय सम्मान मिला। कल्याणपुर विधानसभा में पारदर्शी चुनाव, समयबद्ध परिणाम और मतदाता जागरूकता से मतदान प्रतिशत बढ़ा, जो प्रशासनिक दक्षता का उदाहरण बना।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सदर, समस्तीपुर दिलीप कुमार को बिहार राज्य में उनके उत्कृष्ट निर्वाचन प्रबंधन के लिए विशिष्ट सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान राजधानी पटना में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में दिया गया।
विज्ञापन
कल्याणपुर विधानसभा में प्रभावी चुनाव संचालन
दिलीप कुमार को 131 कल्याणपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में नामांकन प्रक्रिया से लेकर मतदान, संपूर्ण निर्वाचन व्यवस्था और समयबद्ध रूप से चुनाव परिणाम घोषित कराने में किए गए उत्कृष्ट, पारदर्शी और अनुकरणीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
एक ही निर्वाचन में दोहरी उपलब्धि
दिलीप कुमार बिहार राज्य के एकमात्र अधिकारी हैं, जिन्हें एक ही निर्वाचन में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) और निर्वाची पदाधिकारी (आरओ) दोनों श्रेणियों में प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पटना प्रमंडल आयुक्त अनिमेष पराशर के कर-कमलों से प्राप्त हुआ।
मतदाता जागरूकता और पारदर्शिता पर विशेष जोर
131 कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में उनके नेतृत्व में मतदाता जागरूकता, सुव्यवस्थित फोर्स डिप्लॉयमेंट, निष्पक्ष मतदान और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया, जिससे क्षेत्र में मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
यह सम्मान न केवल अनुमंडल प्रशासन बल्कि समस्तीपुर जिले के लिए भी गौरव का विषय है। यह उपलब्धि प्रशासनिक दक्षता, कर्तव्यनिष्ठा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।