घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी पुलिस
- फोटो : AI Image- Freepik
समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में रविवार रात सनसनीखेज वारदात में बाइक सवार बदमाशों ने किराना दुकानदार सहोदर भाइयों को गोली मार दी और उनकी दुकान में लूटपाट की। यह खौफनाक घटना सरदारगंज चौक के पास रात करीब आठ बजे घटी, जब दुकान पर भीड़भाड़ का समय था।
यह भी पढ़ें- Bihar News: घर लौटते समय किसान को बदमाशों ने मारी गोली, घायल हालत में अस्पताल में भर्ती
गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और भाग रहे बदमाशों में से दो को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने दोनों बदमाशों की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वे लहूलुहान हो गए। स्थानीय सूत्रों में चर्चा है कि भीड़ की पिटाई से दोनों की मौत हो गई है, हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना में घायल किराना व्यवसायी अभिषेक रंजन को सीने में गोली लगी है, जबकि उनके छोटे भाई अनुराग रंजन को जांघ में गोली मारी गई है। दोनों घायल भाइयों को स्थानीय लोगों की मदद से पहले दलसिंहसराय अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- Bihar News: सड़क किनारे टहल रहे अधेड़ को वाहन ने कुचला, इलाज के दौरान मौत, ग्रामीणों ने शव रखकर किया सड़क जाम
वारदात की सूचना मिलते ही समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक अशोक मिश्रा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।