समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 28 पर मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में फेरी का काम करने वाले अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। यह दुर्घटना तब हुई जब वह फेरी कर अपने घर लौट रहे थे। मृतक की पहचान दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के चक नवादा वार्ड-6 निवासी मोहम्मद अजीमुद्दीन के बेटे मोहम्मद शकील (46) के रूप में हुई है।
देर रात घर लौटते समय हुआ हादसा
मृतक के बेटे मोहम्मद सोनू ने बताया कि उनके पिता मोहम्मद शकील रोजाना की तरह फेरी का काम करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। जब वह उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौर गांव के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी और घायल को अस्पताल ले जाने की बात बताई।
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
परिजनों के अनुसार, घायल शकील को पहले दलसिंहसराय अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिवार के लोग उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
मृतक के बेटे मोहम्मद सोनू ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि दुर्घटना की सूचना रात में ही उजियारपुर पुलिस को दी गई थी। लेकिन पुलिस सुबह नौ बजे के बाद अस्पताल पहुंची। परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस और प्रशासन सक्रिय होता, तो शायद उनके पिता की जान बच सकती थी।
वहीं, इस मामले में उजियारपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि सड़क हादसे में अधेड़ की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से अब तक कोई आवेदन नहीं दिया गया है। लेकिन इस घटना को लेकर एक प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
परिवार में छाया मातम
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मोहम्मद शकील परिवार के लिए मुख्य कमाने वाले सदस्य थे, उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।