कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम के दौरान मंत्री महेश्वर हजारी तथा अन्य
- फोटो : अमर उजाला
बिहार सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री और कल्याणपुर के विधायक महेश्वर हजारी ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन योजनाओं के माध्यम से सड़कों का निर्माण, सामुदायिक भवनों का जीर्णोद्धार और सुरक्षा दीवारों का निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं, जो ग्रामीण जनता की बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति में अहम भूमिका निभाएंगे।
मंत्री महेश्वर हजारी ने सबसे पहले वीर सिंहपुर पंचायत के वार्ड नंबर 3 में ब्रह्म स्थान तक पीसीसी सड़क निर्माण का उद्घाटन किया। यह सड़क वॉटरवेज बांध तक पहुंचेगी, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होगी।
यह भी पढ़ें- Bihar Crime: नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, आरोपियों ने दरिंदगी का वीडियो किया वायरल; तीन गिरफ्तार
कल्याणपुर प्रखंड के गोपालपुर पंचायत के झुहरी ग्राम वार्ड 13 में पक्की सड़क से कुर्मी टाल होते हुए वाला जी नर्सिंग ट्रेनिंग कॉलेज के गेट तक सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। इसके साथ ही उसी ग्राम के सामुदायिक भवन का जीर्णोद्धार भी प्रारंभ किया गया, जिससे ग्रामीणों को सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
हजपुरवा पंचायत के मदनपुर ग्राम वार्ड 3 में नवल सिंह पोखर की तरफ जाने वाली सड़क पर सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य आरंभ किया गया। वहीं, बख्तियारपुर ग्राम में तपेश्वर राय के घर से उपेंद्र ठाकुर के घर तक और फिर उपेंद्र ठाकुर के घर से उच्च माध्यमिक विद्यालय तक पीसीसी सड़क कार्य का शिलान्यास हुआ। ये कार्य स्कूली छात्रों और ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही को सुरक्षित और सुगम बनाएंगे।
बरगामा ग्राम वार्ड 9 में मौजे ठाकुर के बथान से अवधेश ठाकुर के घर तक, तथा वार्ड 5 में अवधेश ठाकुर के घर से तातारी ठाकुर के घर तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ है। यह क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से प्रतीक्षित कनेक्टिविटी की सुविधा देगा।
यह भी पढ़ें- Bihar: CM नीतीश ने 2.56 लाख कर्मियों का दोगुना किया मानदेय, 10 लाख से अधिक लोगों के जीवन में बदलाव की उम्मीद
गौरी ग्राम वार्ड 3 में शिव मंदिर से राम जानकी मंदिर तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत से स्थानीय श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। यह रास्ता धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।