समस्तीपुर में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ कार्यक्रम में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कांग्रेस और महागठबंधन पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि देश का विभाजन नेहरू की जिद और जिन्ना की हठधर्मिता के कारण हुआ, जबकि महात्मा गांधी इसके खिलाफ थे।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर समस्तीपुर के कर्पूरी सभागार में भाजपा द्वारा आयोजित ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ कार्यक्रम में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कांग्रेस और महागठबंधन पर तीखा हमला बोला। इस अवसर पर एमएलसी डॉ. तरुण कुमार, रोसड़ा विधायक वीरेंद्र पासवान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विज्ञापन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि “देश का विभाजन जवाहरलाल नेहरू की जिद और मोहम्मद अली जिन्ना की हठधर्मिता की वजह से हुआ, जबकि महात्मा गांधी इसका विरोध कर रहे थे। बंटवारे के पीछे तुष्टिकरण, विभेद और धार्मिक विद्वेष की राजनीति थी। इस दौरान मां-बहनों की इज्जत लूटी गई, हिंदू और सिखों को पाकिस्तान से भगाया गया और हजारों निर्दोष लोगों की हत्या कर दी गई। इसके बावजूद कांग्रेस इस विभाजन को भूलने की बात करती है, लेकिन हम इसे इसलिए याद करते हैं ताकि कोई भी तुष्टिकरण की राजनीति कर देश की एकता और अखंडता को खतरे में न डाल सके।”
तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए नित्यानंद राय ने कहा, “कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने तेजस्वी को महागठबंधन का चेहरा मानने से इनकार कर दिया है। इसका मतलब साफ है कि कांग्रेस भी तेजस्वी को नकार चुकी है, जैसे बिहार की जनता पहले ही कांग्रेस और राजद को नकार चुकी है। 2025 के चुनाव में महागठबंधन का सूपड़ा साफ होना तय है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव सत्ता लोभी, परिवारवादी और भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। “कांग्रेस के बार-बार अपमान और तिरस्कार के बावजूद तेजस्वी उसकी गोद में बैठकर कांग्रेस का भजन गा रहे हैं और अपना मान-सम्मान खो चुके हैं। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए भारी बहुमत से सरकार बनाएगा।”