दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक भतीजे ने प्रेम प्रसंग में अपनी गर्भवती बुआ को जहर खिलाकर उसकी हत्या कर दी। मृतका की भाभी फूलो देवी ने कमतौल थाना में आरोपी विदेशी कुमार महतो और उसके परिवार के कई सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
भाभी ने आरोप लगाया है कि मृतका के प्रेमी ने साक्ष्य छुपाने के लिए शव का अंतिम संस्कार भी तुरंत करवा दिया। डीएसपी सदर 2 शुभेद्र सुमन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच जारी है और आरोपी प्रेमी सहित पूरा परिवार घर छोड़कर फरार है। भाभी फूलो देवी ने बताया कि उनकी ननद विभा पिछले एक साल से विदेशी कुमार महतो के साथ प्रेम संबंध में थी। दोनों के रिश्ते में बुआ-भतीजा का संबंध था। कुछ समय पहले विभा अपने मायके गई थी, इसी दौरान आरोपी चेन्नई से गांव आया और उनके घर आने-जाने लगा। इस दौरान विभा गर्भवती हो गई।
फूलो देवी ने बताया कि 22 अगस्त की रात आरोपी ने विभा को गर्भपात कराने की दवा दी, जिससे उसकी तबियत बिगड़ गई। इसके बाद आरोपी ने उसे सल्फास खिला दिया। तबियत बिगड़ने पर विभा को डीएमसीच में भर्ती कराया गया। अस्पताल में विभा ने बताया कि उसने दवा आरोपी से ली थी और इसी के बाद उसकी हालत खराब हुई। 23 अगस्त को विभा की मौत हो गई।
पढ़ें; जमीनी विवाद में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, गांव में तनाव; पुलिस जांच में जुटी
भाभी ने आरोप लगाया कि विभा की मौत के बाद आरोपी और उसके परिवार वालों ने जबरदस्ती शव का अंतिम संस्कार करवा दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद 26 अगस्त को मृतका के परिवार ने गांव में पंचायत बुलाई, जिसमें डेढ़ लाख रुपये लेकर मामला रफा-दफा करने की पेशकश की गई। 27 अगस्त को कमतौल थाना में शिकायत दर्ज कराई गई, जबकि आरोपी ने 28 अगस्त को पंचायत में अपने जुर्म को कबूल किया और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। कमतौल थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि प्राथमिकी भारतीय दंड संहिता की धारा 103(i), हत्या और आत्महत्या के लिए उकसाने के तहत दर्ज की गई है। आरोपी और उसके परिवार के अन्य सदस्य अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।