मधुबनी जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रखबारी गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब कमला तटबंध के पास तीन जिंदा बम बरामद किए गए। बम मिलने की सूचना पर इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। मौके पर पुलिस, प्रशासन और बम निरोधक दस्ता तुरंत सक्रिय हुआ और तीनों बमों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- Bihar News: पिकअप और बाइक की भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौत, दो ने मौके पर तोड़ा दम; गांव में मचा कोहराम
भैंस के पैर से हुआ धमाका, नहर में मिला बम का सुराग
जानकारी के मुताबिक, घटना की शुरुआत तब हुई जब गांव निवासी भरत पासवान की कुछ भैंसें रोज की तरह तटबंध की ओर चरने गई थीं। उनमें से एक भैंस कमला बलान नहर में पानी पीने के लिए उतरी और बाहर निकलते समय उसके पैर के नीचे एक जर्दा डिब्बे में रखा सुतली बम फट गया, जिससे भैंस आंशिक रूप से घायल हो गई। इस छोटे से विस्फोट ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी।
बम निरोधक दस्ता मौके पर तैनात
सूचना मिलते ही रुद्रपुर थानाध्यक्ष आयशा कुमारी, झंझारपुर सर्किल इंस्पेक्टर बी. के. ब्रजेश, झंझारपुर एसडीएम समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए दरभंगा से विशेष बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) को बुलाया गया। बम निरोधक दस्ते ने नहर के पानी को पंपसेट की मदद से बाहर निकाला और सतह पर करीब दो फीट गड्ढा खोदकर जूट की बोरी बिछाई। बम निरोधक छड़ी से तलाशी के दौरान तीन जिंदा बम होने के संकेत मिले। सभी बमों को बोरे पर रखा गया और सुरक्षित तरीके से मिट्टी में भिगोकर आग लगाकर निष्क्रिय किया गया।
टीम में शामिल थे अनुभवी जवान
इस अभियान में बीडीडीएस के हवलदार विजय कुमार सिंह, धनंजय प्रसाद और सुधीर कुमार महतो शामिल रहे। उनके नेतृत्व में पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। चारों ओर से सुरक्षा घेरे में लिए गए इलाके में तमाशा देख रही भीड़ को भी हटाया गया ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
यह भी पढ़ें- Bihar News: सोन नदी में स्नान के दौरान पिता-पुत्र सहित तीन डूबे, एक का शव बरामद, दो की तलाश जारी
इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी डर और बेचैनी का माहौल है। लोग सहमे हुए हैं और सवाल कर रहे हैं कि आखिर बम तटबंध के पास कैसे पहुंचे? ग्रामीणों का कहना है कि यह इलाका शांत माना जाता था, लेकिन अब उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है कि ये बम किसने और क्यों यहां छिपाकर रखे थे। संभावना जताई जा रही है कि किसी असामाजिक तत्व या आपराधिक गिरोह का हाथ हो सकता है। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।