मधुबनी जिले के अरेर थाना क्षेत्र के परजुआर पंचायत के दहिला गांव में होली का उत्सव उस समय मातम में तब्दील हो गया, जब रंग खेलने के बाद तालाब में रंग धोने गईं चार युवतियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। चंद क्षणों पहले तक रंगों में सराबोर गांव की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं। पूरे गांव में कोहराम मच गया है और हर ओर शोक का माहौल है।
होली की मस्ती के बाद गई थीं रंग धोने
जानकारी के अनुसार, होली के दिन गांव के लोग रंगोत्सव में मस्त थे। रंग-बिरंगे चेहरे, हंसी-ठिठोली और ढोल-मंजीरे के बीच जब चार युवतियां रंग धोने के लिए गांव स्थित कोनहा तालाब पहुंचीं, तो किसी ने नहीं सोचा था कि यह पल उनके जीवन का अंतिम होगा। बताया जा रहा है कि रंग धोते वक्त चारों युवतियों का पांव फिसल गया, जिससे वे गहरे पानी में चली गईं और तालाब में डूब गईं।
यह भी पढ़ें- Love Affair:देवर-भाभी के प्रेम प्रसंग का दर्दनाक अंत; जहर खाने से महिला की मौत, युवक की हालत पर गहराया रहस्य
निकाले जाने तक हो चुकी थी मौत
तालाब में लड़कियों के डूबने की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर दौड़े। फिर आनन-फानन में तालाब में उतरकर शवों की तलाश शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद जब चारों युवतियों को बाहर निकाला गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दम घुटने से चारों की मौत हो चुकी थी। उनके बेजान शरीर देखकर गांव में मातम छा गया।
मरने वाली चारों युवतियों की पहचान चंदा देवी (22) और काजल कुमारी (20) पिता श्रीकांत राय तथा अनु कुमारी (20) और लाखन कुमारी (20) पिता कामफू राय के रूप में हुई है। चारों युवतियां आपस में रिश्तेदार थीं और गांव में एक साथ बड़ी हुई थीं, जिससे एक साथ चार शव देखकर पूरा गांव स्तब्ध और शोकग्रस्त है।
यह भी पढ़ें- Bihar News:नहीं मिली बाइक तो दहेज की बलि चढ़ी गुड़िया; ससुराल वालों पर हत्या का आरोप, सदमे में मायके वाले
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही अरेर थाना अध्यक्ष नेहा निधि पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया।
इस हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। मृतक युवतियों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घरों में मातम पसरा है, जहां आज रंग और खुशियां होनी थीं, वहां अब सिर्फ सिसकियां और चीत्कार सुनाई दे रही हैं। गांव के लोग प्रशासन से पीड़ित परिवारों को समुचित आर्थिक सहायता और सांत्वना देने की मांग कर रहे हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने भी घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया है।