कांग्रेस कार्यकर्ताओं में चलीं लाठियां
- फोटो : अमर उजाला
बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और पार्टी के वरिष्ठ नेता शकील अहमद खान मधुबनी पहुंचे थे। बिहार विधानसभा चुनाव में मिली हार को लेकर कांग्रेस कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक से पहले कार्यकर्ताओं ने नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया और माहौल सामान्य दिख रहा था।
बैठक शुरू होते ही उभरी अंदरूनी कलह
हार की समीक्षा बैठक शुरू होने के कुछ ही देर बाद कांग्रेस की अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई। संगठन और चुनावी रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते तीखे आरोप-प्रत्यारोप में बदल गई। बैठक के दौरान ही विवाद ने उग्र रूप ले लिया।
प्रदेश अध्यक्ष के सामने जमकर मारपीट
कांग्रेस कार्यालय में मौजूद प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और वरिष्ठ नेता शकील अहमद खान के सामने ही कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई और लाठियां चलने लगीं। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कार्यालय में अफरातफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
कई कार्यकर्ता घायल, प्राथमिक उपचार
लाठीचार्ज जैसी स्थिति में कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए। घायल कार्यकर्ताओं को किसी तरह बाहर निकाला गया और उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। कार्यालय परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा और कुर्सियां व डंडे चलते रहे।
यह भी पढ़ें- Bihar: ईंट भट्ठा चिमनी विस्फोट से मैनेजर समेत पांच गंभीर रूप से झुलसे, पूजा-पाठ के बाद आग लगाने के दौरान हादसा
माहौल संभालने की कोशिश, लेकिन तनाव बरकरार
घटना के दौरान माहौल को शांत कराने के लिए प्रदेश अध्यक्ष और अन्य नेताओं ने प्रयास किए, लेकिन हालात काबू में नहीं आ सके। समीक्षा बैठक अव्यवस्था की भेंट चढ़ गई और कांग्रेस कार्यालय में लंबे समय तक तनाव बना रहा।
पार्टी की स्थिति पर उठे सवाल
चुनावी हार के बाद कांग्रेस जहां संगठन को मजबूत करने और आत्ममंथन की बात कर रही है, वहीं इस तरह की घटनाओं ने पार्टी की अंदरूनी स्थिति को उजागर कर दिया है। फिलहाल इस पूरे मामले पर कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।