मधुबनी जिले के झंझारपुर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक नीतीश मिश्रा एक बार फिर बिहार सरकार में मंत्री बन गए हैं। विधानसभा चुनाव में भारी मतों से जीत दर्ज करने वाले नीतीश मिश्रा को सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। उनके मंत्री बनने की खबर से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
नीतीश मिश्रा बिहार की राजनीति का बड़ा चेहरा माने जाते हैं। इससे पहले वे बिहार सरकार में उद्योग मंत्री तथा पर्यटन मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। जदयू के टिकट पर चुनाव जीतने के बाद वे ग्रामीण विकास विभाग और गन्ना उद्योग मंत्री भी रह चुके हैं। हालांकि वर्ष 2020 में मंत्री पद नहीं मिलने के बाद उन्होंने बीजेपी का दामन थामा था।
पढ़ें: न विधायक और न ही विधान परिषद, फिर भी वैशाली के लाल ने ली मंत्री पद की शपथ; मंच पर चर्चा में आए
बीजेपी ने वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में उन पर भरोसा जताया था, जहां उन्होंने राजद प्रत्याशी गुलाब यादव को हराया था। इससे पहले वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में उन्हें गुलाब यादव के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2025 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी के रूप में जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत साबित की।
नीतीश मिश्रा को पार्टी का मजबूत और विश्वसनीय नेता माना जाता है। वर्ष 2025 के चुनावी हलफनामे के अनुसार उनकी कुल संपत्ति करीब 5.98 करोड़ रुपये से अधिक है। मंत्री बनाए जाने की सूचना मिलते ही झंझारपुर विधानसभा क्षेत्र में समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल है।