फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: दरभंगा ज्वेलर्स लूट का बड़ा खुलासा, 44 लाख के गहने बरामद और 12 आरोपी गिरफ्तार, जेल से रची गई साजिश

Sat, 11 Apr 2026 08:39 AM IST
दरभंगा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दरभंगा

सार

दरभंगा के प्रेम ज्वेलर्स में 3 अप्रैल को हुई दिनदहाड़े लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। बिहार STF और दरभंगा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 44 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने बेगूसराय के वृन्दावन से बरामद किए गए। इस मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कुछ की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
विज्ञापन
44 लाख के गहने बरामद - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दरभंगा के नगर थाना क्षेत्र स्थित प्रेम ज्वेलर्स में 3 अप्रैल को दिनदहाड़े हुई लूट की बड़ी घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। बिहार STF और दरभंगा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लूटे गए गहनों की बड़ी खेप बरामद की गई है और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन


एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि इस मामले में 8 किलो 630 ग्राम चांदी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये है, और 156.44 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। कुल बरामद गहनों की कीमत करीब 44 लाख रुपये आंकी गई है। यह बरामदगी बेगूसराय जिले के वृन्दावन स्थित संदीप सिंह के घर से की गई, जहां गहनों को मिट्टी खोदकर गड्ढे में छुपाया गया था। इस दौरान संदीप सिंह, उसकी मां उषा देवी और पिता संजय सिंह को गिरफ्तार किया गया।

जेल से रची गई थी लूट की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस लूट की पूरी साजिश दलसिंहसराय जेल से रची गई थी। जेल में बंद कुछ अपराधियों के इशारे पर 20 से ज्यादा अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अधिकांश आरोपी नए हैं और उनका कोई बड़ा आपराधिक इतिहास अब तक सामने नहीं आया है।
विज्ञापन


बिहार STF और दरभंगा पुलिस ने अब तक इस मामले में कुल 12 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद सबसे पहले मंसूरचक इलाके में छापेमारी कर छह अपराधियों को पकड़ा गया, जबकि एक आरोपी मंगल सिंह का एनकाउंटर हुआ। इसके बाद दलसिंहसराय थाना क्षेत्र से एक आरोपी गिरफ्तार किया गया और एक ने बेगूसराय कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। वहीं, दरभंगा पुलिस असम से भी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लाई।

ज्वेलर्स स्टाफ ने निभाई थी ‘लाइनर’ की भूमिका

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बाकरगंज स्थित एक स्वर्ण व्यवसायी के स्टाफ अभिषेक सोनी और ऋषिकेश सोनी ने इस लूट में लाइनर की भूमिका निभाई थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने कई दिनों तक दुकान की रेकी की थी और उसी आधार पर पूरी घटना को अंजाम दिया गया।

3 अप्रैल को दोपहर में चार अपराधी प्रेम ज्वेलर्स की दुकान में घुसे और लूट की घटना को अंजाम दिया। दुकान के मालिक मनोज ठाकुर ने नगर थाना में दर्ज प्राथमिकी में बताया था कि करीब 700 ग्राम सोना, 25 किलो चांदी और लगभग 25 लाख रुपये नकद लूट लिए गए। घटना के बाद दरभंगा पुलिस लगातार अपराधियों के पीछे लगी रही। 34 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार आरोपी मंगल सिंह से पूछताछ में कई अहम सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने एक-एक कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

ये भी पढ़ें: चंद मिनटों में राख हो गए 125 से अधिक घर, तेज हवा के साथ भड़की आग ने छीना गरीबों का आशियाना
विज्ञापन


एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि आरोपियों के पास से 12 पिस्टल, 8 गोली, दो बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी कुछ और आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है और जल्द ही पूरे मामले का पूरी तरह खुलासा कर लिया जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें