समस्तीपुर जिले के ताजपुर प्रखंड क्षेत्र के कोठिया वार्ड संख्या 9, सरबरगंज निवासी आरएसएस के खंड चालक तथा साधारण परिवार से जुड़े अरुण कुमार चौधरी और प्रियंका जायसवाल के पुत्र आयुष कुमार ने यूपीएससी की परीक्षा में 143वां रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
दूसरे प्रयास में आयुष ने पाई सफलता
आयुष कुमार का यह दूसरा प्रयास था। वर्ष 2023 में आयुष यूपीएससी के इंटरव्यू में असफल रहे थे। पुनः वर्ष 2025 में दूसरे प्रयास में 143वां रैंक हासिल कर उन्होंने यह उपलब्धि प्राप्त की। बचपन से ही मेधावी रहे आयुष की आठवीं तक की शिक्षा डीएवी समस्तीपुर से हुई। उसके बाद उन्होंने नवोदय विद्यालय बिरौली से 12वीं तक की शिक्षा ग्रहण की।
नौकरी छोड़ की यूपीएससी की तैयारी
इंटरमीडिएट करने के साथ ही वह आईआईटी की तैयारी कर रहे थे। पहले प्रयास में ही उन्होंने आईआईटी खड़गपुर में कंप्यूटर साइंस से बीटेक किया। बीटेक करने के बाद उन्होंने सैमसंग रिसर्च में दो साल तक नौकरी की। इसी दौरान उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने का मन बनाया और नौकरी छोड़कर यूपीएससी की तैयारी करने लगे।
ये भी पढ़ें:
ऑनलाइन और सेल्फ स्टडी का कमाल! अभिषेक चौहान ने UPSC में हासिल की 102वीं रैंक, बिहार का नाम किया रोशन
छोटा भाई करता है पिता का सहयोग
कड़ी मेहनत और लगन के संयुक्त प्रयास से आयुष ने दूसरे प्रयास में इस मुकाम तक पहुंचने में सफलता हासिल की। आयुष तीन भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर हैं। बड़ी बहन नेहा कुमारी का स्नातक पास करने के बाद विवाह हो चुका है। वहीं छोटा भाई आशीष कुमार स्नातक पास कर अपने पिता के कारोबार में सहयोग करता है।