मधुबनी के हरलाखी थाना क्षेत्र के सोहपुर गांव निवासी चौकीदार जीवछ मंडल व उसके पुत्र सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों ने नाबालिग को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद सभी पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार सोहपुर गांव निवासी दीपक चौधरी का आरोप है कि विगत एक जनवरी को उसका नाबालिग पुत्र अपने दोस्त के साथ गांव के बगल में आम के बगीचे में पिकनिक मनाने गया हुआ था। इसी क्रम में हरलाखी थाने की चौकीदार जीवछ मंडल, उसका पुत्र प्रमोद मंडल, रजनीश कुमार मंडल, सुबोध मंडल, रामानंद मंडल सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों ने नाबालिग को पकड़कर उसके साथ मारपीट की और उसे बंधक बनाकर घर ले गए।
बच्चे के बंधक बनाने की सूचना पर जब परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां पीड़ित परिजन के साथ भी मारपीट की गई। घटना की सूचना मिलने के बाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। फिर नाबालिग को बंधक से छुड़ाया गया। नाबालिग को रस्सी में बंधक का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सभी जख्मियों का इलाज सीएचसी उमगांव में कराया गया।