फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: पुजारी की गोली मारकर हत्या, फोन कर घर से बुलाया; तीन गोलियां दागीं, एनएच-28 पर हंगामा

Fri, 06 Nov 2026 08:02 AM IST
दरभंगा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, समस्तीपुर

सार

बिहार के समस्तीपुर में मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर के पास पुजारी सोनू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने उन्हें मोबाइल पर कॉल कर घर से बुलाया और रास्ते में तीन गोलियां मार दीं। हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-28 पर करीब तीन घंटे तक जाम लगाया। पुलिस ने 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
 
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के समस्तीपुर में अपराधियों ने एक पुजारी की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले मोबाइल पर फोन कर पुजारी को घर से बाहर बुलाया। इसके बाद रास्ते में रोककर उन पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं। एक गोली सिर, दूसरी कमर और तीसरी पैर में लगी। गंभीर रूप से जख्मी सोनू सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्या के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-28 पर करीब तीन घंटे तक जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।

विज्ञापन


फोन आने के बाद घर से निकले, रास्ते में घेरकर मारी गोलियां
मृतक की पहचान चकहबीब बाघी पंचायत के रामटोला निवासी कमल सिंह के पुत्र सोनू सिंह के रूप में हुई है। वह विभूतिपुर प्रखंड के केराय गांव स्थित ठाकुरबाड़ी में पुजारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
स्थानीय निवासी विनोद कुमार सिंह के अनुसार, गुरुवार देर रात सोनू अपने घर पर थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर किसी का फोन आया। बातचीत के बाद वह घर से निकलकर रामटोला पहुंचे। वहां कुछ लोगों से बातचीत करने के बाद वह मुख्य सड़क से ग्रामीण सड़क की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और बेहद करीब से लगातार तीन गोलियां मार दीं।
विज्ञापन


गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सोनू सड़क पर लहूलुहान पड़े थे। लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।

पिता हैं ठाकुरबाड़ी के महंत
सोनू के पिता कमल सिंह विभूतिपुर प्रखंड के केराय गांव स्थित ठाकुरबाड़ी के महंत हैं। बताया गया कि उनकी तबीयत खराब रहने के कारण उन्होंने अपने पुत्र सोनू को ठाकुरबाड़ी में पूजा-पाठ की जिम्मेदारी सौंप दी थी। सोनू वहां पुजारी के रूप में धार्मिक कार्यों का निर्वहन कर रहे थे।
उनकी हत्या की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि सोनू को फोन कर किसने बुलाया था और वारदात के पीछे क्या कारण था।

हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर NH-28 पर तीन घंटे तक जाम
पुजारी की हत्या से गुस्साए ग्रामीणों ने गंगापुर के समीप NH-28 पर आवागमन बाधित कर दिया। लोगों ने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले का खुलासा करने की मांग की। सड़क जाम होने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना पर मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। बाद में सदर एसडीपीओ सतीश सुमन भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने 24 घंटे के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद देर रात ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।

घटनास्थल से खोखा बरामद
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से गोली का खोखा भी बरामद किया है। मृतक के परिवार के सदस्यों से भी घटना के संबंध में पूछताछ की गई।

सदर एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि सोनू नामक युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। घटनास्थल से खोखा बरामद हुआ है और फोरेंसिक टीम ने भी जांच की है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। शव का पंचनामा तैयार कर देर रात पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें