फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: सड़क नहीं तो खेत सही, डिप्टी CM के क्षेत्र में जर्जर रोड पर ग्रामीणों ने रोपी धान, पूरे बिहार में चर्चा

Mon, 27 Jul 2026 08:06 AM IST
दरभंगा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, समस्तीपुर

सार

समस्तीपुर जिले के सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र में जर्जर सड़क के विरोध में ग्रामीणों ने अनोखा प्रदर्शन किया। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के विधानसभा क्षेत्र में रायपुर बुजुर्ग पंचायत की बदहाल सड़क पर ग्रामीणों ने धान की रोपाई कर सड़क निर्माण की मांग उठाई। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क नहीं बनी तो इसी सड़क पर गेहूं, आलू और मक्का की खेती कर विरोध जारी रहेगा।
विज्ञापन
उपमुख्यमंत्री के क्षेत्र में अनोखा विरोध - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

समस्तीपुर जिले के सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र में रायपुर बुजुर्ग पंचायत के जान मोहम्मदपुर वार्ड-01 से उच्च विद्यालय तक जाने वाली मुख्य सड़क के बदहाल और जर्जर होने को लेकर ग्रामीणों ने रविवार को अनोखा विरोध जताया। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के विधानसभा क्षेत्र में बदहाल सड़क के खिलाफ ग्रामीणों का यह अनोखा प्रदर्शन चर्चा का विषय बन गया है। वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क के निर्माण की मांग पूरी नहीं होने पर लोगों ने सड़क को ही खेत बना दिया और उसमें धान की रोपाई कर प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अब भी सड़क नहीं बनी तो इसी सड़क पर गेहूं, आलू और मक्का की खेती कर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
विज्ञापन


बरसात में सड़क बनी तालाब, आवाज उठाने का बदला तरीका
मामला सरायरंजन प्रखंड की रायपुर बुजुर्ग पंचायत के जान मोहम्मदपुर वार्ड-01 से उच्च विद्यालय तक जाने वाली मुख्य सड़क का है। यह सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। बरसात के दिनों में सड़क पूरी तरह कीचड़ और जलजमाव से भर जाती है। इससे स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और ग्रामीणों का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला।

'जब सड़क चलने लायक नहीं, तो धान ही लगा दिया'
रविवार को ग्रामीण सड़क पर उतर आए और धान की रोपाई शुरू कर दी। यह दृश्य देखने के लिए आसपास के लोग भी जुट गए। ग्रामीण भैयाराम सहनी ने कहा, 'जब सड़क पर चलना ही मुश्किल हो गया है तो हमने सोचा इसे खेत ही बना दें। कम से कम धान की कुछ फसल तो मिलेगी।' उनका यह तंज मौके पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
विज्ञापन


चर्चा में आया यह अनोखा प्रदर्शन
सड़क पर धान की रोपाई की तस्वीरें पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी का विरोध करना नहीं, बल्कि वर्षों से उपेक्षित इस सड़क की ओर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना है। अब यह देखना होगा कि उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के विधानसभा क्षेत्र में हुआ यह अनोखा प्रदर्शन सड़क निर्माण की प्रक्रिया को कितनी तेजी देता है।

'वोट से पहले वादा, नौ महीने बाद भी इंतजार'
युवा समाजसेवी संजीव कुमार इंकलाबी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान सड़क निर्माण का भरोसा दिया गया था, लेकिन नौ महीने बीत जाने के बाद भी एक ईंट तक नहीं लगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीण सड़क पर धान के बाद गेहूं, आलू और मक्का की खेती कर विरोध जारी रखेंगे।

ये भी पढ़ें-  Bihar: छपरा हिंसा के बाद पुलिस अलर्ट, ड्रोन-सीसीटीवी से 350 उपद्रवियों की हुई पहचान, जल्द होगी गिरफ्तारी

अनोखे प्रतीकात्मक विरोध को दर्जनों ग्रामीणों का मिला साथ
अनोखे विरोध प्रदर्शन में जलसी देवी, मेघन दास, शत्रुघ्न शर्मा, महेश सहनी, विनय कुमार शर्मा, गौरीशंकर शर्मा, अनीता देवी, विमल देवी, राजू शर्मा, महेश्वर शर्मा, धनेश सहनी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में सड़क निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की।
विज्ञापन


अनोखे विरोध प्रदर्शन के बाद भी क्या सुधरेगी सड़क की बदहाली?
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के विधानसभा क्षेत्र में सड़क पर धान की रोपाई का यह विरोध स्थानीय लोगों की नाराजगी को बयां करता है। बरसात के मौसम में सड़क की बदहाली ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। अब देखना होगा कि यह अनोखा प्रदर्शन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को सड़क निर्माण की दिशा में कितनी जल्दी कदम उठाने के लिए प्रेरित करता है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें