बालू माफियाओं और दलालों से सांठगांठ रखने के आरोप में मधुबनी एसपी योगेंद्र कुमार ने जयनगर थाना में पदस्थापित एसआई संतोष कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई जयनगर डीएसपी की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
जांच रिपोर्ट में पाया गया कि एसआई संतोष कुमार अनुसंधानकर्ता के पद पर रहते हुए अनुसंधान कार्यों में रुचि नहीं ले रहे थे। वे अक्सर दलालों के साथ थाना परिसर में देखे जाते थे, जिससे पुलिस विभाग की छवि धूमिल हो रही थी। आम नागरिकों ने भी उनके कार्यशैली को लेकर कई बार शिकायतें की थीं।
पढ़ें; नीतीश कुमार सरकार में किस जाति का वर्चस्व, जदयू विधायक ने बता दिया; बोले- यह ढीठ और थेथर प्रजाति
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि संतोष कुमार बालू माफियाओं से संपर्क में थे और नागरिकों की शिकायतों पर उचित अनुसंधान नहीं कर रहे थे। इन गंभीर आरोपों को ध्यान में रखते हुए एसपी ने उन्हें निलंबित कर पुलिस केंद्र, मधुबनी में उपस्थित होने का आदेश दिया है। इसके साथ ही एसपी ने उन्हें निर्देश दिया है कि वे आगामी 5 दिनों के भीतर अपने ऊपर लगे आरोपों पर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।