तीन बच्चों के शव देख सकपका गए लोग
- फोटो : अमर उजाला
समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र के मालीनगर गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बीती रात घर से लापता हुए तीन मासूम भाई-बहनों के शव घर से मात्र 15 गज की दूरी पर स्थित एक कुएं से बरामद किए गए। मृत बच्चों की पहचान चंदन कुमार के बेटे छह वर्षीय तरुण कुमार, चार वर्षीय तान्या कुमारी और दो वर्षीय तनिष्क कुमार के रूप में हुई है। इस मर्माहत कर देने वाली घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है।
माता-पिता पुलिस हिरासत में
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों के शवों को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शक के आधार पर मृत बच्चों की मां और पिता को हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है।
पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी अशोक मिश्रा ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। बीते शनिवार की शाम भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद यह घटना सामने आई। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि मां ने ही तीनों बच्चों की गला घोंटकर हत्या कर दी और शवों को कुएं में फेंक दिया। हालांकि पुलिस अभी इस मामले की तहकीकात कर रही है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने तीनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस इस मामले में हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि सच सामने आ सके। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में गम और गुस्से का माहौल बना हुआ है।