मृतक टेंट कारोबारी संजय कुमार राय
- फोटो : फाइल फोटो
समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र में एक टेंट कारोबारी की हत्या कर उसका शव समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड के माधोपुर-धनहर गुमटी के बीच रेल लाइन किनारे फेंक दिया गया। मृतक की पहचान रामपुर विशुन पंचायत के माधोपुर वार्ड संख्या एक निवासी 40 वर्षीय संजय कुमार राय के रूप में हुई है।
रात में घर से निकले संजय, फिर नहीं लौटे
मृतक के परिजनों के अनुसार, संजय कुमार राय शनिवार शाम को खेत में पानी देने के बाद घर लौटे थे। रात करीब आठ बजे उनके मोबाइल पर किसी का फोन आया, जिसके बाद वे घर से बाहर निकले। लेकिन रात भर घर लौटने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला। परिवार के लोग उनकी तलाश करते रहे। लेकिन जब रविवार को सूचना मिली कि घर से लगभग एक किलोमीटर दूर समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड पर एक शव पड़ा हुआ है, तो परिजन मौके पर पहुंचे और देखा कि शव संजय का था।
शरीर पर मिले जख्म, हत्या की आशंका
मृतक के शव पर कई स्थानों पर जख्म के निशान थे, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि उनकी हत्या की गई है। ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या के बाद शव को वहां फेंक दिया गया था। परिजनों ने बताया कि संजय की हत्या की आशंका गांव में पिछले कुछ दिनों में घटित एक घटना से भी जुड़ी हो सकती है।
छेड़खानी को लेकर मिली थी धमकी
मृतक के भाई राजीव कुमार ने बताया कि दस दिन पहले संजय ने गांव के विजय राय के बेटे पर एक लड़की के साथ छेड़खानी का आरोप लगाया था। इसके बाद संजय ने विजय राय के घर जाकर शिकायत की थी। शिकायत के बाद संजय को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी और अब इस हत्या के पीछे उसी विवाद को जोड़ा जा रहा है।
पुलिस की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही वारिसनगर थाना के थानाध्यक्ष निरंजन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक का मोबाइल भी घटनास्थल से बरामद किया है। सदर डीएसपी विजय महतो ने बताया कि शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के शरीर पर पाए गए जख्म हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस इस मामले की तह तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।