बिहार के समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र स्थित मऊ धनेशपुर दक्षिण पंचायत के अखाड़ा घाट, मऊ में बुधवार को बाया नदी में स्नान करने के दौरान 35 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। युवक अपनी चाची के वर्षी क्रियाकर्म के सिलसिले में परिजनों के साथ नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान निर्माणाधीन पुल के चौथे पाया के पास वह गहरे पानी में चला गया। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय गोताखोर युवक की तलाश में जुटे हैं। वहीं, घटना के करीब तीन घंटे बाद भी सरकारी स्तर पर बचाव अभियान शुरू नहीं होने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
लापता युवक की पहचान मऊ धनेशपुर दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या-10 निवासी श्यामदेव साह के पुत्र राजीव कुमार साह उर्फ राजू (35) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राजीव अपनी चाची के वर्षी क्रियाकर्म में शामिल होने के लिए परिजनों के साथ मऊ स्थित अखाड़ा घाट पर स्नान करने गया था। इसी दौरान वह निर्माणाधीन पुल के चौथे पाया के समीप गहरे पानी में डूब गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
पढे़ं: परिवार के सात बच्चे चले गए, अब क्या मांगें?: नाव हादसे में अपनों को खोने वाले पिता का छलका दर्द, बिलखते रहे
सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष और सीओ, फिर लौटे
युवक के नदी में डूबने की सूचना मिलने पर विद्यापतिनगर थानाध्यक्ष सूरज कुमार और अंचलाधिकारी कुमार हर्ष घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई। हालांकि, घटना के करीब तीन घंटे बाद भी सरकारी स्तर पर बचाव अभियान शुरू नहीं हो सका।
स्थानीय लोगों के अनुसार, थानाध्यक्ष और अंचलाधिकारी कुछ देर घटनास्थल पर रहने के बाद एसडीआरएफ की नाव के लिए उजियारपुर से तेल का कूपन लाने की बात कहकर लौट गए। युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाए जाने की जानकारी दी गई है। सरकारी बचाव अभियान शुरू होने में देरी को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं।
युवक के लापता होने से परिजन बेहाल
राजीव के नदी में डूबने की खबर मिलते ही घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजन अनहोनी की आशंका से परेशान हैं और उसके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। स्थानीय गोताखोर नदी में उसकी तलाश कर रहे हैं। उधर, सरकारी स्तर पर बचाव अभियान शुरू होने में देरी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। समाचार लिखे जाने तक लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था।