दरभंगा के ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में 21 नवंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह की तैयारियाँ जोर–शोर से जारी हैं। समारोह में मेडल वितरण के लिए बिहार के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान के आगमन की तैयारी अंतिम चरण में है। इसी बीच बुधवार की शाम मेडल प्राप्त करने वाले छात्रों ने कुलपति आवास का घेराव कर हंगामा किया।
छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय ने उनसे 1200 रुपये शुल्क लिया है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अत्यंत घटिया क्वालिटी का पाग और चादर दिया जा रहा है। छात्रों का कहना है कि जिस सम्मानित पाग के साथ उन्हें राज्यपाल के हाथों सम्मानित होना है, उसकी गुणवत्ता बेहद खराब है और इसे अविलंब बदला जाना चाहिए। घेराव की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस और कर्मचारी मौके पर पहुँचे और देर शाम तक छात्रों को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।
मेडल पाने वाली छात्रा रोज़ी कुमारी ने आरोप लगाया कि समारोह में वितरित किए जा रहे अंगवस्त्र पाग और चादर की क्वालिटी बेहद खराब है। छात्रों से 1200 से 1700 रुपये तक लिए जा रहे हैं, लेकिन न ठीक कपड़ा दिया जा रहा है और न ही भोजन की व्यवस्था संतोषजनक है। पूरे कार्यक्रम में प्रशासनिक व्यवस्थाएँ भी चरमराई हुई हैं, जिससे छात्रों में आक्रोश फैल गया है।