बहेड़ी थाना क्षेत्र के अटहर गांव में प्रेम प्रसंग के विवाद में एक विवाहित, तीन बच्चों की मां की हत्या कर शव को सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। मृतका की पहचान राधेश्याम साहू की पत्नी बच्चा दाई देवी (35) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि चार दिन पहले उसे किसी ने फोन कर बुलाया था, जिसके बाद वह लापता हो गई थी। मृतका का अटहर गांव के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका ससुराल पक्ष विरोध करता था।
ससुर ने प्रेमी पर लगाया हत्या का आरोप
घटना के संबंध में मृतका के ससुर रामकुमार साह ने बताया कि अटहर गांव के 18 वर्षीय युवक जितन मंडल के साथ मृतका का पिछले तीन वर्षों से अवैध संबंध था, जिसका वे लगातार विरोध कर रहे थे। विरोध करने पर मृतका ने ससुर सहित तीन लोगों के खिलाफ पहले ही प्राथमिकी दर्ज करा रखी थी। उन्होंने बताया कि गायब होने से एक दिन पहले, 23 जून को, प्रेमी जितन मंडल ने मृतका के साथ मारपीट भी की थी। इसके अगले दिन 24 जून को वह घर से लापता हो गई।
काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। 26 जून की शाम प्रेमी के गांव के पास गड्ढे से उसका शव बरामद हुआ। शाम को खेलने गए बच्चों ने शव देखकर ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि उनका बेटा राधेश्याम साह पंजाब में मजदूरी करता है। मृतका के दो बेटियां और एक बेटा हैं, जो अपने दादा-दादी के साथ गांव में रहते हैं।
फोन आने के बाद हुई थी लापता
सोनकी थाना क्षेत्र के मेकना निवासी राधेश्याम साहू की पत्नी बच्चा दाई देवी (35) चार दिनों से लापता थीं। स्वजनों ने बताया कि चार दिन पहले किसी ने उन्हें फोन कर बुलाया था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटीं। परिजनों का आरोप है कि सीमावर्ती अटहर गांव के एक युवक के घर उनका आना-जाना था। इसे लेकर युवक का भाई उन्हें वहां आने से मना करता था। इस विवाद को लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी। आरोप है कि पंचायत के दौरान युवक के भाई ने हत्या कर शव फेंक देने की धमकी भी दी थी। हालांकि, घटना का वास्तविक कारण क्या है, इसकी जांच पुलिस कर रही है। शव गड्ढे से बरामद होने के कारण पुलिस भी प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मान रही है।
यह भी पढ़ें:
पहले हाईटेक निबंधन कार्यालय में नई व्यवस्था शुरू, रजिस्ट्री सिस्टम में बड़ा बदलाव; नए सर्किल रेट लागू
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
इस संबंध में बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य सुरक्षित किए हैं। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।