घनश्यामपुर थाना क्षेत्र की घटना
- फोटो : Amar Ujala
दरभंगा जिले में मंदिर में पूजा करने गई एक नाबालिग लड़की से कथित छेड़खानी का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपी ने लड़की के चाचा पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मामला घनश्यामपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी दुकानदार अमरचंद लाभ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंदिर परिसर में हुई कथित छेड़खानी
पीड़ित परिवार के अनुसार, गांव स्थित कालेश्वरनाथ मंदिर में नाबालिग लड़की पूजा करने गई थी। आरोप है कि मंदिर परिसर में दुकान चलाने वाला अमरचंद लाभ उससे अश्लील बातें और गलत हरकतें करने लगा। लड़की ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। किसी तरह वह वहां से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
पूछताछ करने पहुंचे परिजनों पर हमला
घायल चाचा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग आरोपी से पूछताछ करने मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी ने दुकान से कुल्हाड़ी निकालकर उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें-
Bihar News : 'शहजादा कहना भूल जाएं पीएम मोदी'- तेजस्वी यादव ने क्यों कही यह बात? भाजपा के साथ JDU को भी घेरा
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही घनश्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।