समस्तीपुर जिले में युवक-युवती के साथ सरेराह बदसलूकी का एक और वीडियो सामने आया है। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाटबासेपुरा पंचायत से सामने आए वायरल वीडियो में स्कूटी सवार एक युवक और युवती को लोगों की भीड़ द्वारा घेरकर कथित तौर पर गाली-गलौज, बदसलूकी और मारपीट करते हुए देखा जा रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चाएं तेज हो गई हैं। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब बुधवार को कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर बांध पर युवती के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की थी। करीब 16 घंटे के भीतर जिले में युवक-युवती को भीड़ द्वारा घेरकर बदसलूकी किए जाने का यह दूसरा वीडियो सामने आया है।
वायरल वीडियो में सड़क पर स्कूटी सवार युवक-युवती को कई लोग घेरे हुए नजर आ रहे हैं। भीड़ के बीच दोनों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की जा रही है। कुछ लोग पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता, घटना के समय और इसके पीछे की पूरी वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो में दिख रहे युवक-युवती कौन हैं और उनके साथ बदसलूकी करने वाले लोग कौन हैं।
पढे़ं: शांभवी की पोस्ट पर तेजस्वी का हमला; बोले- क्रॉप करके आरोपियों के नाम क्यों हटाए?
बुधवार को कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर बांध पर सामने आए वीडियो के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया था। पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने लोगों से युवती की पहचान उजागर करने वाले वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित नहीं करने की अपील की थी।
अब मुसरीघरारी क्षेत्र से सामने आए इस वीडियो ने पुलिस के सामने एक और चुनौती खड़ी कर दी है। लगातार दो घटनाओं के वीडियो सामने आने से सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा और भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। किसी विवाद या आरोप की स्थिति में पुलिस को सूचना देने के बजाय खुद फैसला सुनाने और मारपीट करने की प्रवृत्ति को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।