दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती ने अपने प्रेमी आदर्श कुमार उर्फ आदर्श सिंह के खिलाफ महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। युवती का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर पिछले सात साल से उससे दुष्कर्म किया और चार बार जबरन गर्भपात करवाया। इस बार पांचवीं बार प्रेग्नेंट होने पर गर्भपात करवाने से इनकार करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी और 22 फरवरी को घर से निकाल दिया।
युवती ने बताया कि वह एक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर गार्ड के रूप में नौकरी करती थी, जबकि आरोपी आदर्श भी गार्ड की नौकरी करता था। दोनों की लगातार मुलाकात से बातचीत शुरू हुई और प्रेम संबंध बन गया। साल 2019 से फरवरी 2026 तक दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहे और पति-पत्नी की तरह साथ रहते थे। इस दौरान उन्होंने एक दर्जन से अधिक कमरे बदले और जब कोई पूछता था तो आरोपी उसे अपनी पत्नी बताता था।
सात साल के इस रिश्ते में युवती चार बार प्रेग्नेंट हुई। हर बार आरोपी ने गर्भपात की आशंका बताकर अल्ट्रासाउंड करवाया और जबरन गर्भपात करवा दिया। आरोपी लगातार शादी करने का वादा करता रहा और बहन की शादी पहले करने का बहाना बनाकर शादी टालता रहा। अब उसकी बहन की शादी तय हो चुकी है। जब युवती ने आरोपी के परिवार वालों से मिलकर शादी कराने की बात कही तो उन्होंने मारपीट करते हुए कहा कि तुम हमारी जाति की नहीं हो, तुम्हें घर में नहीं रखेंगे।
पढ़ें- Bihar News: छपरा में प्रशासनिक गाड़ियों में तोड़फोड़, असामाजिक तत्वों के उत्पात से तनाव; बढ़ाई गई सुरक्षा
युवती ने आरोप लगाया कि 22 फरवरी की रात आरोपी ने जबरदस्ती गर्भपात करवाने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने युवती को कमरे से भगा दिया। जब वह दोबारा कमरे में जाने लगी तो मकान मालिक ने ताला बंद कर दिया। इसके बाद युवती कई बार महिला थाना गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अंत में उसने एसएसपी जगुनाथ रेड्डी से न्याय की गुहार लगाई, तब जाकर महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई।
महिला थानाध्यक्ष मनीषा कुमारी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल जांच कराया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।