अस्पताल में जमा परिजनों की भीड़
- फोटो : Amar Ujala
दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र के छतवन गांव में बीती रात लूट के दौरान 21 वर्षीय हार्डवेयर दुकान के स्टाफ की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद केवटी थाना सहित रैयाम थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान मो. रेहान के रूप में हुई है। रेहान बीती रात हार्डवेयर दुकान की बिक्री के करीब ढाई लाख रुपये लेकर अपने मालिक के घर देने जा रहा था। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा, जहां बीती देर रात पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बाइक रोककर चाकू से हमला किया
बताया जाता है कि दुकान से मालिक के घर जाते समय रास्ते में बदमाशों ने उसकी बाइक रोक ली और ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसके पास रखे रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल रेहान को केवटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसी रात पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। बताया जाता है कि चार दिन पहले भी इसी इलाके में बड़ी डकैती हुई थी, जिसमें करीब 10 से 12 लाख रुपये के गहने लूट लिए गए थे। इस घटना के बाद लोगों में दहशत है और पुलिस के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
क्या बोले परिजन
मृतक के परिजन मजहुल रहमान ने बताया कि रेहान करीब तीन साल से छतवन बाजार स्थित पप्पू हार्डवेयर में काम करता था। वह प्रतिदिन दुकान की बिक्री का पैसा मालिक के घर पहुंचाने जाता था। बीती रात भी वह दुकान से बिक्री के करीब ढाई लाख रुपये लेकर मालिक के घर जा रहा था। इसी दौरान छतवन से केवटी जाने वाले रास्ते में अपराधियों ने उसकी बाइक रोक ली और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।
ये भी पढ़ें-
Crime News: शराब की लत, कहासुनी और फिर कत्ल... संदूक में लाश छिपाकर बेखबर बैठा रहा पति; ऐसे खुला राज
इस संबंध में केवटी थानाध्यक्ष ने बताया कि बीती रात स्थानीय लोगों की सूचना पर घायल युवक को केवटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसी रात शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।