दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के शाहगंज बेंता मोहल्ले में रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का दो टुकड़ों में बंटा शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान संजीत कुमार साह के पुत्र ऋषभ कुमार (20 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बीती रात से ही घर से लापता था। परिजनों के अनुसार, ऋषभ मंगलवार को ग्रेजुएशन की परीक्षा देकर घर लौटा था और उसके बाद अपने कुछ दोस्तों के साथ बाहर निकल गया था।
शव मिलने से इलाके में सनसनी
मृतक के पिता संजीत कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह 21 नंबर और 22 नंबर रेलवे गुमटी के बीच ट्रैक किनारे शव मिलने की सूचना मिली। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि उनके बेटे का शव दो टुकड़ों में पड़ा था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों ने दोस्तों पर हत्या की आशंका जताई है और बताया कि साथ गए सभी दोस्तों के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया।
भाई का बयान और लापता मोबाइल
मृतक के भाई राहुल कुमार ने बताया कि ऋषभ परीक्षा देने के बाद शाम को घर लौटा था और फिर दोस्तों के साथ घूमने निकला था। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला और उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ था। सुबह रेलवे ट्रैक किनारे शव मिलने की सूचना मिली। परिजनों के अनुसार, घटना स्थल से उसका मोबाइल फोन भी बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। उन्होंने कहा कि ऋषभ का किसी से कोई विवाद नहीं था और न ही वह किसी नशे का आदी था, इसलिए यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश लगती है।
ये भी पढ़ें:
सुपौल में रजिस्ट्रार अमरेंद्र कुमार पर EOU का बड़ा एक्शन! 5 ठिकानों पर छापेमारी से हड़कंप
पुलिस की जांच जारी
इस संबंध में बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों की सूचना पर 21 और 22 नंबर गुमटी के बीच शाहगंज बेंता के पास से दो टुकड़ों में बंटा एक युवक का शव बरामद किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और पुलिस ने कहा है कि जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।