दरभंगा के विशनपुर थाना क्षेत्र के रुपौली गांव में घर के दरवाजे पर सो रहे 65 वर्षीय सुरेंद्र ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस जमीन विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
दुर्गा पूजा के दौरान दरभंगा में एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना विशनपुर थाना क्षेत्र के रुपौली गांव के बरही टोल की है, जहां घर के दरवाजे पर सो रहे 65 वर्षीय सुरेंद्र ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही विशनपुर थाने की पुलिस, सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी और सदर एसडीपीओ राजीव कुमार मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड और एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। मौके से एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है।
बेटी के मुताबिक, उसकी मां का काफी पहले निधन हो चुका है। उसका भाई दूसरे प्रदेश में रहकर काम करता है, जबकि वह अपनी चाची के साथ गांव में रहती है। उसके पिता घर के दरवाजे पर सो रहे थे। उन्हें गोली कब मारी गई, इसकी जानकारी किसी को नहीं मिल सकी। परिजनों के अनुसार, सुरेंद्र ठाकुर गांव में फर्नीचर बनाने का काम करते थे। उनकी हत्या क्यों की गई, यह परिवार के लोगों की समझ से परे है। बेटी ने बताया कि परिवार की किसी से दुश्मनी नहीं है।
पढ़ें: 'नीतीश का साथ देने के लिए हत्या करना गलत था', अनंत सिंह के बयान पर बोले केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी
बताया जा रहा है कि दुर्गा पूजा के दौरान गांव में तेज आवाज में साउंड बज रहा था। इस कारण रात में गोली चलने की आवाज किसी को सुनाई नहीं दी। हत्यारों ने पिस्टल से बुजुर्ग के सिर में गोली मारी, जो आर-पार हो गई।
वहीं, थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस हत्यारों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।