फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: दुर्गा पूजा के शोर में दब गई गोली की आवाज, सुबह खून से लथपथ मिले बुजुर्ग; पुलिस जांच में जुटी

Sat, 17 Oct 2026 04:37 PM IST
दरभंगा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दरभंगा

सार

दरभंगा के विशनपुर थाना क्षेत्र के रुपौली गांव में घर के दरवाजे पर सो रहे 65 वर्षीय सुरेंद्र ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस जमीन विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

विज्ञापन
जांच में जुटी पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दुर्गा पूजा के दौरान दरभंगा में एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना विशनपुर थाना क्षेत्र के रुपौली गांव के बरही टोल की है, जहां घर के दरवाजे पर सो रहे 65 वर्षीय सुरेंद्र ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और गांव में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही विशनपुर थाने की पुलिस, सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी और सदर एसडीपीओ राजीव कुमार मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड और एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। मौके से एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है।

विज्ञापन


सुबह जगाने गई बेटी तो खून से लथपथ मिला शव
मृतक की बेटी ने बताया कि शनिवार सुबह जब उनके पिता काफी देर तक नहीं उठे, तो वह उन्हें जगाने गई। वहां पहुंचने पर देखा कि उनका पूरा शरीर खून से लथपथ था और सिर से काफी खून बह चुका था। इसके बाद घटना की जानकारी परिवार और आसपास के लोगों को दी गई।

बेटी के मुताबिक, उसकी मां का काफी पहले निधन हो चुका है। उसका भाई दूसरे प्रदेश में रहकर काम करता है, जबकि वह अपनी चाची के साथ गांव में रहती है। उसके पिता घर के दरवाजे पर सो रहे थे। उन्हें गोली कब मारी गई, इसकी जानकारी किसी को नहीं मिल सकी। परिजनों के अनुसार, सुरेंद्र ठाकुर गांव में फर्नीचर बनाने का काम करते थे। उनकी हत्या क्यों की गई, यह परिवार के लोगों की समझ से परे है। बेटी ने बताया कि परिवार की किसी से दुश्मनी नहीं है।

पढ़ें: 'नीतीश का साथ देने के लिए हत्या करना गलत था', अनंत सिंह के बयान पर बोले केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी

विज्ञापन


24 साल पुराने जमीन विवाद की भी चर्चा
परिजनों ने करीब 24 साल से चले आ रहे जमीन विवाद का भी जिक्र किया है। हालांकि, उन्होंने किसी पर सीधे तौर पर हत्या करने का आरोप नहीं लगाया है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए इस विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि दुर्गा पूजा के दौरान गांव में तेज आवाज में साउंड बज रहा था। इस कारण रात में गोली चलने की आवाज किसी को सुनाई नहीं दी। हत्यारों ने पिस्टल से बुजुर्ग के सिर में गोली मारी, जो आर-पार हो गई।

विज्ञापन


जल्द मामले का खुलासा करने का दावा
मौके पर पहुंचे सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लग रहा है। मामले की जांच की जा रही है। डॉग स्क्वॉड और एफएसएल की टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है। उन्होंने जल्द ही मामले का खुलासा करने की बात कही।

वहीं, थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस हत्यारों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें