दरभंगा के जाले थाना क्षेत्र के जोगियारा गांव में आयोजित शादी समारोह के मेहंदी कार्यक्रम के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक महिला डांसर की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान मुजफ्फरपुर जिला के मिठनपुरा थाना क्षेत्र निवासी शानू खान के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जाले थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात जोगियारा गांव में राम विनय सिंह के घर आयोजित मेहंदी समारोह में मनोरंजन के लिए मुजफ्फरपुर से चार महिला डांसरों को बुलाया गया था। रात लगभग 11 बजे जैसे ही डांस कार्यक्रम शुरू हुआ, वहां मौजूद कुछ लोगों ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी।
डांस टीम की सदस्य रानी ने बताया कि उन्होंने बार-बार फायरिंग रोकने की अपील की, लेकिन लोग मंच के पास और नीचे से लगातार गोलियां चला रहे थे। इसी दौरान एक गोली शानू खान के पेट में जा लगी और वह मंच पर ही गिर पड़ी। घटना के बाद पंडाल में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग मौके से फरार हो गए।
पढ़ें: पुलिस ने विरोध जता रही महिलाओं पर चटकाई लाठियां, वीडियो में सामने आई वजह
मृतका की मां नजमा खातून ने बताया कि उनकी बेटी की बुकिंग प्रभात सिंह नामक व्यक्ति ने की थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि किसी बात को लेकर शानू और प्रभात के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद प्रभात ने शानू को धमकी दी थी। शानू खान एक छह महीने के बच्चे की मां थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और घटना से जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है।