Bihar news: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मां राधा देवी सरावगी का 12 फरवरी को मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में हार्ट अटैक से निधन हो गया। जिसके बाद रविवार को केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सरावगी के परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री एवं आरएलपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने रविवार को दरभंगा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के आवास पर जाकर उनके परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने संजय सरावगी के पिता परमेश्वर लाल सरावगी और भाई अजय सरावगी से भी मुलाकात कर दुख व्यक्त किया।
विज्ञापन
'सरावगी के परिवार के साथ पारिवारिक संबंध दशकों पुराना'
चिराग पासवान और गिरिराज सिंह ने कहा कि संजय सरावगी के परिवार के साथ उनका पारिवारिक संबंध दशकों पुराना है और वे हमेशा परिवार के सुख-दुःख में शामिल रहे हैं। यह अत्यंत दुःखद समय है और इस परिवार में उनकी जगह कोई नहीं ले सकता। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।
हार्ट अटैक से हुआ निधन
इस दौरान संजय सरावगी ने बताया कि उनकी मां का स्वास्थ्य पहले लगभग ठीक था, लेकिन अचानक हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में जब अपने लोग साथ होते हैं तो कठिनाइयों को सहना आसान हो जाता है। उन्होंने बताया कि 12 फरवरी की देर रात उनकी मां का निधन हुआ था। इसके बाद से लगातार राजनीतिक नेताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं का उनके घर आकर सांत्वना देने का सिलसिला जारी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा सहित कई नेताओं ने फोन कर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की।
'दुख की घड़ी में वे परिवार के साथ'
गिरिराज सिंह ने कहा कि बीमारी से लगभग ठीक होने के बाद अचानक हार्ट अटैक से निधन अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने बताया कि उनका परिवार के साथ दशकों पुराना आत्मीय संबंध रहा है और शादी-विवाह जैसे अवसरों पर लगातार संपर्क होता रहा है। इस दुख की घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं।