दरभंगा जिले में पांच रेल गुमटी पर रेल ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण कार्य में अतिक्रमण बाधा बनने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में सदर अनुमंडल क्षेत्र के बाघ मोड़ से बेला मोड़ होते हुए कबगा गुमटी तक सड़क किनारे किए गए कब्जों को हटाया गया।
दो रेलवे गुमटियों के बीच बन रहा बड़ा आरओबी
बताया गया है कि इस इलाके में दो रेलवे गुमटी स्थित हैं। एक रेलवे लाइन दरभंगा से मधुबनी जयनगर तथा दरभंगा से सहरसा की ओर जाती है। वहीं दूसरी गुमटी पर दरभंगा से सीतामढ़ी के रास्ते दिल्ली की ओर रेल मार्ग जाता है। इन दोनों गुमटियों के बीच एक बड़े आरओबी का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा कराया जा रहा है।
अतिक्रमण बन रहा था निर्माण कार्य में बाधा
प्रशासन के अनुसार सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के कारण पुल निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था। इसी कारण जिला प्रशासन ने अभियान चलाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया और संबंधित कंपनी को भूमि हस्तगत करवाई, ताकि निर्माण कार्य बिना रुकावट आगे बढ़ सके।
डीएम के निर्देश पर चला अभियान
डीएम कौशल कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार और डीसीएलआर संजीत कुमार ने किया। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में टीम ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और चिन्हित अतिक्रमण को हटाते हुए सड़क को खाली कराया।
पढ़ें- Bihar Crime: तीन किशोरों ने युवक को चाकुओं से गोदा, गर्दन में फंसा टूटा ब्लेड; हिरासत में लिए सभी आरोपी
बुलडोजर और ट्रैक्टर से हटाई गई दुकानें
अभियान के दौरान बुलडोजर और ट्रैक्टर की मदद से सड़क किनारे बनी अस्थायी दुकानों और अन्य अवैध संरचनाओं को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के समय पुलिस बल भी सक्रिय रूप से मौजूद रहा, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या विरोध की स्थिति उत्पन्न न हो।
यातायात व्यवस्था सुधारने की तैयारी
सदर एसडीओ विकास कुमार ने बताया कि आरओबी निर्माण कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह कदम जरूरी है। प्रशासन का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद आम लोगों को जाम और आवागमन की समस्या से राहत मिलेगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही लोगों को पहले से दी गई चेतावनी का हवाला देते हुए प्रशासन ने कहा कि आगे भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।