दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने अपहरण मामले की पैरवी के लिए रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला पुलिस अवर निरीक्षक ज्योति कुमारी को निलंबित कर दिया है। महिला दारोगा पर नाबालिग लड़की के अपहरण मामले में आरोपी को लाभ पहुंचाने के लिए पैसे के लेनदेन का आरोप है। इस मामले में कथित ऑडियो वायरल होने के बाद सदर डीएसपी-2 शुभेन्द्र कुमार सुमन की जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने सख्त कार्रवाई की।
नाबालिग लड़की के अपहरण मामले में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
बताया जाता है कि सिमरी थाना में नाबालिग लड़की के अपहरण को लेकर पीड़िता की मां द्वारा कांड संख्या 98/26 दर्ज कराई गई थी। इस मामले में मो. परवेज, इमरान, समीउल्लाह, महफूज समेत कई अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लड़की को दरभंगा जंक्शन से एक युवक के साथ बरामद किया था। बाद में कोर्ट के निर्देश पर लड़की को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।
वायरल ऑडियो में पैसों के लेनदेन की चर्चा
इसी दौरान महिला दारोगा और आरोपी पक्ष के बीच कथित पैसों के लेनदेन का ऑडियो वायरल होने लगा। वायरल ऑडियो में बीएनएस की धारा 183 को प्रभावित करने के लिए रुपये मांगने की बात कही जा रही है। बातचीत में यह भी सुनाई दे रहा है कि 'जितना मांगा गया था, उतना पैसा नहीं दिया गया।' ऑडियो तेजी से वायरल होने के बाद मामला एसएसपी जगुनाथ रेड्डी के संज्ञान में आया। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी सदर डीएसपी-2 शुभेन्द्र कुमार सुमन को सौंपी।
जांच रिपोर्ट के आधार पर हुई कार्रवाई
डीएसपी की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद महिला दारोगा ज्योति कुमारी को निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, दरभंगा निर्धारित किया गया है। हालांकि, मामले की विभागीय जांच अभी जारी है और वायरल ऑडियो की सत्यता की भी जांच कराई जा रही है। ऑडियो जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दो महीनों में दूसरी बड़ी कार्रवाई से उठे सवाल
सिमरी थाना में पिछले दो महीनों के भीतर दो पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होने से पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। इससे पहले मार्च 2026 में सिमरी थाना के पीटीसी-1454 जफर इकबाल को भी वादी पर दबाव बनाने और पैसे मांगने के आरोप में निलंबित किया गया था।
ये भी पढ़ें:
रिश्वत लेकर कैदियों को करवा रहे थे खास मुलाकात, मोतिहारी SP ने एक साथ 10 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित
भ्रष्टाचार पर सख्त रुख में पुलिस विभाग
एसएसपी कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।