Bihar: कॉलेज के प्रिंसिपल दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि बदमाश सिर्फ दहशत फैलाने के मकसद से कैंपस में घुसे थे। तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई। फिलहाल मामले को लेकर एफआईआर दर्ज की जा रही है।
समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित कृष्णापुरी मोहल्ले के आरएनआर कॉलेज में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दिनदहाड़े छह की संख्या में बदमाश कॉलेज परिसर में घुस गए और फायरिंग कर दी। घटना के समय कॉलेज में सेमेस्टर-2 की परीक्षा चल रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन बाइक पर सवार होकर बदमाश कॉलेज परिसर में दाखिल हुए और कुछ देर बाद फायरिंग करते हुए फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनते ही छात्र-छात्राओं और कॉलेज स्टाफ में दहशत फैल गई।
कॉलेज के प्रिंसिपल दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि बदमाश सिर्फ दहशत फैलाने के मकसद से कैंपस में घुसे थे। तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई। फिलहाल मामले को लेकर एफआईआर दर्ज की जा रही है।
सूचना पर पहुंची मुफस्सिल थाना पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। थाना अध्यक्ष अजीत प्रसाद ने बताया कि बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।