समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में बेटी की विदाई को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद रविवार देर रात खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि पत्नी की विदाई नहीं होने से नाराज दामाद ने अपने 45 वर्षीय ससुर, रूपौली बनवारा टोला निवासी विजय दास की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए एफएसएल और डीआईयू की टीम को जांच में लगाया है। आरोपी दामाद की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
कुछ ही देर में उजड़ गया परिवार
रविवार देर रात मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बंघरा टोला, रूपौली में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस के अनुसार, मृतक विजय दास (45) का दामाद जितेंद्र दास, निवासी चांदचौर (थाना-उजियारपुर), अपनी पत्नी की विदाई कराने ससुराल पहुंचा था। किसी कारणवश विदाई नहीं होने पर दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई। परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जितेंद्र दास ने धारदार हथियार निकालकर अपने ससुर की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से विजय दास ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
खून से लथपथ शव देख मच गई चीख-पुकार
घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घर में चीख-पुकार गूंज उठी और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। खून से लथपथ शव देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।
एफएसएल और डीआईयू टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सह एसडीपीओ (सदर-1) संजय कुमार पांडेय ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। हत्या के कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) तथा जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।
ये भी पढ़ें-
'नई नस्लें बगावत जानती हैं', युवा शायर अक्स की नज़्म बनी छात्र आंदोलन की आवाज; राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा
आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपी के रूप में दामाद जितेंद्र दास का नाम सामने आया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए उजियारपुर स्थित उसके घर समेत कई संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पुलिस बोली- हर पहलू की होगी निष्पक्ष जांच
अपर पुलिस अधीक्षक सह एसडीपीओ (सदर-1) संजय कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।