Bihar Crime: डीएसपी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। लूट की घटना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक को सूचना दी गई और एक एसआईटी टीम का गठन किया गया है। एसआईटी टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
मधुबनी जिले में अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। अरेर थाना क्षेत्र के बरही चौक स्थित शिवा ज्वेलर्स में धनतेरस की शाम छह हथियारबंद अपराधियों ने पिस्टल की नोक पर लूटपाट की। अपराधियों ने दुकानदार को बंधक बनाकर करीब 50 हजार नकद और 7.5 लाख के जेवरात लूट लिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।
कैसे हुई वारदात
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, देर शाम दो बाइक पर सवार होकर छह अपराधी आए और सीधे दुकान में घुस गए। उन्होंने पिस्टल तानकर दुकानदार को बंधक बनाया और लूटपाट की। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी नाहर कलुआही की दिशा में भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही बेनीपट्टी डीएसपी अमित कुमार, अरेर थाना अध्यक्ष और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
डीएसपी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। लूट की घटना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक को सूचना दी गई और एक एसआईटी टीम का गठन किया गया है। एसआईटी टीम लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है और अपराधियों की पहचान में तेजी से काम हो रहा है।