दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र के भटपोखर स्थित वार्ड संख्या 5 में शादी की तैयारी के दौरान तेज साउंड पर अश्लील गाना बजाने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। इस घटना में चार लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामले में दूल्हा धर्मेंद्र दास सहित राजा दास, रंजीत दास और भुइली दास को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र दास की शादी 22 मई को होनी है। शादी की रस्में निभाई जा रही थीं और तेज आवाज में गाने बज रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी रामलाल दास ने अश्लील और तेज आवाज में गाना बजाने पर आपत्ति जताई। दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान धर्मेंद्र दास और उसके परिजनों ने रामलाल दास पर रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर रामलाल की पत्नी रेखा देवी, पुत्र मुकेश दास और उमेश दास मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपितों ने उन पर भी हमला कर दिया। घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जाले रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता रेखा देवी के आवेदन पर जाले थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।