दरभंगा के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान उस समय हंगामा मच गया जब मंच पर मौजूद उत्तर प्रदेश के बलिया से भाजपा विधायक केतकी सिंह ने मिथिला की पहचान और गौरव का प्रतीक पग मंच से फेंक दिया।
कार्यक्रम में अतिथियों का पारंपरिक रूप से पाग पहनाकर स्वागत किया जा रहा था। इसी दौरान विधायक केतकी सिंह ने पाग उठाते हुए पूछा ये पाग क्या है? जब दर्शकों ने जवाब दिया कि यह मिथिला का सम्मान है, तो उन्होंने पाग फेंकते हुए कहा कि नहीं, ये मिथिला का सम्मान नहीं...मैथिली ठाकुर मिथिला का सम्मान हैं।
विधायक के इस बयान और व्यवहार से मंच पर मौजूद कार्यकर्ता और मैदान में उपस्थित स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। लोगों ने इसे मिथिला की संस्कृति और अस्मिता का अपमान बताया। कई लोगों ने विरोध जताते हुए कहा कि यह कृत्य पूरे क्षेत्र की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह विवाद दरभंगा और मिथिला क्षेत्र के चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।
पढ़ें: किशनगंज में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत; एक गंभीर घायल
इस घटना पर दरभंगा शहरी विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी राकेश कुमार मिश्रा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पाग केवल एक वस्त्र नहीं, यह मिथिला की अस्मिता और परंपरा का प्रतीक है। इसका अपमान पूरे मैथिल समाज का अपमान है। इससे मिथिला के लोग गहराई से आहत हैं। भाजपा नेतृत्व को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और मिथिला की संस्कृति के सम्मान में अपना स्पष्ट रुख रखना चाहिए। स्थानीय स्तर पर इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है और कई संगठनों ने भी विधायक के बयान की निंदा की है।