दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के देकुली स्थित एक बगीचे में 12 वर्षीय किशोर का शव बरामद किया गया है। शव की पहचान हरपट्टी गांव के रौशन दास के रूप में हुई है। रौशन शनिवार दोपहर से लापता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव को ईंट-पत्थरों से कुछ इस तरह ढक दिया गया था कि पहचान मुश्किल हो रही थी। सूचना पाकर बहादुरपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संजय कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया और तीन अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पढ़ें: बेगूसराय में कांग्रेस का सम्मेलन, प्रदेश अध्यक्ष बोले- हर वर्ग को मिलेगा टिकट, तभी होगा सामाजिक न्याय
घटना के संबंध में रौशन की मां ने बताया कि उनका बेटा संजय शर्मा के घर दूध देने जाया करता था। शनिवार दोपहर वह साइकिल से वहां गया था ताकि संजय से पैसे ले सके। संजय ने कहा था कि दोपहर में एटीएम से पैसा निकालकर देंगे। इसके बाद रौशन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक के बड़े भाई का संजय शर्मा की पत्नी के साथ विवाद था। बताया जा रहा है कि इसी प्रतिशोध में यह निर्मम हत्या की गई।
बहादुरपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मुख्य आरोपी संजय शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीन अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।