दरभंगा के बिरौल थाना क्षेत्र के हाटी गांव में मटकोर की रस्म के दौरान दूल्हे के चचेरे भाई की तेज रफ्तार कार की ठोकर से मौत हो गई। इससे शादी समारोह की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। आगे की रस्में छोड़कर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ललन शर्मा के बेटे विशाल कुमार के रूप में हुई है। वह गाजियाबाद से अपने भाई की शादी में शामिल होने गांव आया था। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया।
बिना तामझाम के दुल्हन के घर भेजा गया दूल्हा
वहीं दूल्हा सन्नी को परिवार वालों ने बिना तामझाम के दुल्हन के घर भेज दिया, जहां सादे समारोह में शादी कराई गई, लेकिन शादी के बाद दुल्हन को मायके में ही छोड़कर परिवार वाले अंतिम संस्कार में जुट गए। इधर, घटना की सूचना मिलते ही बिरौल थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
कैसे हुआ हादसा?
बताया जाता है कि हाटी निवासी ललन शर्मा का पुत्र विशाल अपने चाचा अरुण कुमार शर्मा के पुत्र सन्नी की शादी के लिए तीन दिन पहले ही गांव आया था। रात करीब 11 बजे महिलाएं मटकोर की रस्म के लिए तालाब के पास जा रही थीं, तभी मवेशी अस्पताल के पास तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने विशाल को ठोकर मार दी।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घायल और लहूलुहान विशाल को परिजन पहले सुपौल बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे डीएमसीएच रेफर किया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया, लेकिन पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही विशाल ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को वापस घर ले आए, जहां से बिरौल थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को डीएमसीएच भेज दिया।
ये भी पढ़ें: खगड़िया में मकई के खेत में क्षत-विक्षत हालत में मिली अज्ञात महिला की लाश, इलाके में सनसनी
पुलिस की कार्रवाई जारी
परिजनों ने बताया कि मृतक गाजियाबाद में अपने माता-पिता के साथ रहकर पढ़ाई करता था। वह शादी में भाग लेने के लिए पूरे परिवार के साथ गांव आया था, जहां वह हादसे का शिकार हो गया। इस संबंध में बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणी ने बताया कि परिजनों द्वारा अभी तक कोई आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।